23 सितम्बर को अन्तर्राष्ट्रीय साइन लेंग्वेज दिवस पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे

उज्जैन । प्रभारी संयुक्त संचालक सामाजिक न्याय एवं नि:शक्तजन कल्याण विभाग साबिर अहमद सिद्धिकी द्वारा जानकारी दी गई कि आगामी 23 सितम्बर शनिवार को अन्तर्राष्ट्रीय साइन लेंग्वेज दिवस के अवसर पर जिले में दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम-2016 के अन्तर्गत श्रवणबाधित दिव्यांगजनों के प्रति समाज में जागरूकता लाने की दृष्टि से जागरूकता रैली, सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ-साथ व्यवस्थित मतदाता शिक्षा और चुनावी भागीदारी कार्यक्रम की शपथ तथा सेमीनार का आयोजन कालिदास संस्कृत अकादमी के संकुल सभागृह में प्रात: 11 बजे से किया जायेगा। इस सम्बन्ध में विभिन्न अधिकारी-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।

जागरूकता रैली 23 सितम्बर को प्रात: 11 बजे से कालिदास अकादमी से कीर्ति मन्दिर होती हुई अपना स्वीट्स चौराहे से पुन: कालिदास अकादमी तक पहुंचेगी। तत्पश्चात सांस्कृतिक कार्यक्रम दोपहर 12 बजे से आयोजित किये जायेंगे। इसमें (केवल श्रवणबाधितों के लिये) आयु समूह 6 से 14 वर्ष, 15 से 18 वर्ष और 18 वर्ष से अधिक के लिये एकल नृत्य और समूह नृत्य की प्रस्तुतियां दी जायेंगी।

इसके पश्चात दोपहर 2 बजे से अन्तर्राष्ट्रीय साइन लेंग्वेज के महत्व पर सेमीनार आयोजित किया जायेगा। तत्पश्चात दोपहर 3 बजे से मतदान शिक्षा एवं दिव्यांगों की चुनाव भागीदारी पर जानकारी दी जायेगी।