इंदौर में जन आशीर्वाद यात्रा में शिवराज बोले- मैं सरकार नहीं परिवार चलाता हूं

इंदौर। भाजपा की जन-आशीर्वाद यात्रा में शिवराज सिंह चौहान भी रथ पर सवार हुए। जगह-जगह स्वागत मंचों से यात्रा पर फूल बरसाए गए। यह यात्रा राऊ से सभी विधानसभा क्षेत्रों से होती हुई विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 2 के कुलकर्णी नगर तक गई। इंदौर में यहीं यात्रा का समापन हुआ। वहीं, यह यात्रा इंदौर में करीबन 12 किमी घूमी।

यात्रा शुरू करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि जनता के समर्थन के साथ यात्रा चल रही है। भाजपा को जनता खुले मन से आशीर्वाद दे रही है। क्योंकि जनता हमारा परिवार हैं, मैं सरकार नहीं परिवार चलाता हूं। आज जन आशीर्वाद यात्रा के लिए ही मैं इंदौर आया हूं। कांग्रेस के ऊपर सब योजनाओं को बंद करने का आक्रोश है। वहीं मीडिया के सवाल (भाजपा छोड़कर जाने वाले नेताओं पर आप क्या कहेंगे) के जवाब में शिवराज बोले कि कुछ नहीं कहूंगा।

यात्रा के शुरुआत में में राऊ से भाजपा प्रत्याशी मधु वर्मा रथ पर सवार हुए। जब यात्रा विधनसभा 4 में पहुंची तो रथ पर विधायक मालिनी गौड़ और विधानसभा 1 में आने पर पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता रथ पर सवार हुए और मुख्यमंत्री ने उन्हें सबसे आगे खड़ा किया। ध्यान रहे कि यात्रा से ठीक पहले कुछ कार्यकर्ताओं ने गुप्ता के खिलाफ नारे लगाए थे और थाने में गिरफ्तारी देने भी पहुंचे थे। इनमें पूर्व पार्षद भी शामिल थे। जहां जिस विधानसभा क्षेत्र से जन आशीर्वाद यात्रा निकली ,उस क्षेत्र के भाजपा विधायक को मुख्यमंत्री ने रथ पर आगे किया।