चार पहिया वाहन ने मारी बाइक सवार को टक्कर -8 माह पहले हुई थी शादी, परिवार में मातम

उज्जैन। पेट्रोल भरवाने के लिये बाइक से जा रहे युवक को चार पहिया वाहन ने टक्कर मार दी। युवक को जिला अस्पताल ले जाया गया। उसकी मौत हो चुकी थी। युवक की 8 माह पहले शादी हुई थी। संजयनगर में रहने वाला दिनेश पिता जगदीश डाबी 27 वर्ष मिस्त्री का काम करता था। मंगलवार सुबह उसे जल्द साइड पर जाना था, जिसके चलते वह रात को बाइक में पेट्रोल भरवाने के लिये हरिफाटक ब्रिज  की ओर जा रहा था। मंछामन से गऊघाट रेलवे कालोनी के पास से गुजरते समय उसे अज्ञात चार पहिया वाहन ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में उसकी बाइक क्षतिग्रस्त हो गई और दिनेश लहूलुहान हो गया। मौके से गुजर रहे परिचित ने उसे देखा तो उपचार के लिये जिला अस्पताल पहुंचाया और परिजनों को सूचना दी। अस्पताल में डॉक्टर उसे भर्ती कर उपचार की शुरूआत करते उससे पहले मौत हो गई। ड्युटी कम्पाउंडर डीके अहिरवार ने मामले की सूचना नीलगंगा थाना पुलिस को दी। पुलिस ने मर्ग कायम कर मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम कराया। परिजनों ने बताया कि 8 माह पहले ही दिनेश का विवाह हुआ था। परिवार के भरण-पोषण का जिम्मा उस पर ही था। गाजियाबाद के वृद्ध ने तोड़ा दम
महाकाल थाना क्षेत्र के नृसिंहघाट पर सोमवार दोपहर उत्तरप्रदेश के गाजियाबाद स्थित वसुंधरा थाना क्षेत्र के इंद्रपुर से महाकाल दर्शन करने आये विक्रम पिता चंद्रसिंह विष्ट 73 को बाइक सवार ने टक्कर मार दी थी। दुर्घटना में विक्रम विष्ट के साथ उनकी पत्नी भी घायल हुई थी। दोनों को उपचार के लिये जिला अस्पताल लाया गया। जहां से विक्रम विष्ट की हालत गंभीर होने पर निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां मंगलवार तड़के उनकी मौत हो गई। एसआई एमएल मालवीय ने बताया कि दुर्घटना के बाद परिजनों को सूचना दी गई थी। दोपहर में परिजनों के आने पर पोस्टमार्टम कराया गया। शव उत्तरप्रदेश ले जाया गया है।