द्वारकापुरी क्षेत्र में हवाई फायर के बाद अब बदमाशों ने फोड़े कारों के कांच

इंदौर । इंदौर में पुलिस बदमाशों को पकड़ने के लिए अभियान चला रही हो या फिर रात्रि गश्त कर सुरक्षित शहर का दावा कर रही हो, लेकिन हकीकत कुछ और ही नजर आ रही है। अभी भी बदमाशों के हौसले कम नहीं हुए हैं। शहर में रोजाना अलग-अलग क्षेत्रों में आपराधिक गतिविधियां कम नहीं हो रही हैं। द्वारकापुरी थाना क्षेत्र में कुछ दिनों पहले गांजा नहीं मिलने पर दिग्विजय नगर, विदूर नगर में बदमाशों ने हवाई फायर किए थे। इसके बाद पुलिस ने कई आरोपितों को गिरफ्तार किया। यहां से कुछ ही दूर अब कार के कांच फोड़ने की घटना हुई है। रविवार देर रात थाना क्षेत्र के सूर्यदेव नगर में बदमाशों ने रविवार रात सड़क पर खड़ी कारों के कांच फोड़ दिए। सुबह जब लोग जागे तो उन्होंने कारों के कांच टूटे देखे। यहां इंजीनियर शांताराम इंगले की कार के कांच फोड़कर बदमाश भाग गए। वहीं नजदीक खड़ी एक अन्य कार पर भी बदमाशों ने पत्थर मारे। दूसरी गली में भी घर के बाहर खड़े वाहनों में तोड़फोड़ की है।
सुबह रहवासी जागे तो घटना
का पता चला
जहां घटना हुई वहां से कुछ ही दूरी पर दिग्विजय नगर और अहीरखेड़ी मल्टी है, जहां कुछ दिनों पहले गांजा के विवाद में बदमाशों ने हवाई फायर किए थे। रहवासियों ने बताया कि रात में हमें आवाज नहीं आई। सुबह हम मार्निंग वाक के लिए नीचे आए तो कारों के शीशे फूटे देखे। यदि पुलिस क्षेत्र में गश्त करती तो यह घटना नहीं होती। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।

Author: site editor