दो विधायकों का अड़ंगा भी हुआ फेल, गोलू को आखिरकार मिली कार्यवाहक अध्यक्ष की जिम्मेदारी

अमन को प्रदेश महामंत्री तक किया सीमित, कांग्रेस का संगठन मजबूत करने पर जोर
नगर प्रतिनिधि  इंदौर
शहर कांग्रेस की राजनीति में कल फिर एक बार अचानक से नया मोड़ आ गया। दरअसल पिछले कई महीनो से कांग्रेस के विधायक संजय शुक्ला एवं विशाल पटेल गोलू अग्निहोत्री को रोकने के लिए अपनी एड़ी चोटी का जोर लग रहे थे। शहर कांग्रेस अध्यक्ष के लिए सबसे पहला नाम विशाल गोलू अग्निहोत्री का ही था ,परंतु संजय शुक्ला ने अपनी विधानसभा से शहर अध्यक्ष होना सही नहीं समझा था।
कमलनाथ के कान में जीजा साले की जोड़ी ने ऐसी फूंक मारी कि उनका शहर अध्यक्ष बनना ही टल गया। फूल छाप कांग्रेसी अरविंद बागड़ी भी शहर अध्यक्ष बनने अपनी जुगाड बैठा रहे थे। खबर तो यहां तक आई थी कि विधायक जीतू पटवारी ने भी अरविंद बागड़ी का खुला समर्थन किया था। अरविंद बागड़ी के काले चिट्ठे भोपाल से लेकर दिल्ली तक कागजों पर चल रहे थे, जिसके बाद अरविंद बागड़ी शहर अध्यक्ष की दौड़ से पूरी तरह ही बाहर हो गए थे।
इधर विनय बकरीवाल भी पुन: अध्यक्ष की कुर्सी पर काबिज होने के लिए नेताओं के आगे पीछे घूमते हुए नजर आते थे। जब बात बिगड़ी तो दिग्विजय सिंह की ओर से सुरजीत चड्ढा का नाम सामने आया और उन्हें शहर अध्यक्ष की कुर्सी पर बैठा दिया गया।
शहर में युवा चेहरे के नाम पर अमन बजाज का नाम भी शहर अध्यक्ष की दौड़ में शामिल था। अमन बजाज ने उसे कांग्रेस में रहते हुए युवाओं की एक बड़ी टीम भी खड़ी की थी जिसके चलते संगठन उन्हें इस पद के लिए पसंद भी कर रहा था।
कल जब संगठन ने लिस्ट जारी की तो गोलू अग्निहोत्री को कार्यवाहक अध्यक्ष बनाया गया, तो वही अमन बजाज को प्रदेश महामंत्री का पद सौंप दिया गया। अमन बजाज भी कार्यवाहक अध्यक्ष की दौड़ में शामिल थे परंतु जिस तरह से उन्हें महामंत्री बनाया है उससे कई युवाओं के चेहरे लटक गए हैं।