श्रावण के आखिरी सोमवार को सीएम शिवराज ने किया महाकाल का पूजन

सोम प्रदोष के संयोग में पत्नी साधना सिंह के साथ उज्जैन आए  सुबह से रात तक 5 लाख श्रद्धालु पहुंचे बाबा के दर्शन करने

दैनिक अवंतिका

उज्जैन। श्रावण मास के आखिरी सोमवार को मप्र के सीएम शिवराजसिंह चौहान ने उज्जैन पहुंचकर ज्योतिर्लिंग महाकाल की पूजा-अर्चना की। सीएम शिवराज पत्नी साधना सिंह के साथ यहां आए और गर्भगृह में जाकर भगवान महाकाल की पूजा कर आशीर्वाद लिया। उनके साथ पारिवारिक लोग भी आए थे जिन्होंने साथ में खड़े रहकर पूजन किया।

श्रावण मास के आखिरी सोमवार को देशभर के श्रद्धालु भगवान महाकाल के दर्शन करने के लिए उमड़े। सोमवार को प्रदोष होने से सोम प्रदोष के खास संयोग में श्रद्धालुओं ने धर्मलाभ लिया। वहीं सीएम शिवराज ने भी सप्तनिक भगवान महाकाल का अभिषेक किया। पूजन पुजारी प्रदीप गुरु ने गर्भगृह में मंत्रोच्चार कर संपन्न कराया। पुजारी यश गुरु, माधव गुरु, राम गुरु भी मौजूद थे। महाकाल मंदिर में दोपहर 1 बजे तक 2.5 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने दर्शन कर लिए थे। रात 10 बजे तक 5 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान अधिकारियों ने लगाया।

मुख्यमंत्री ने महाकाल लोक के दूसरे चरण के काम देखे

दोपहर में मंदिर पहुंचे मुख्यमंत्री शिवराज ने पूजन के बाद महाकाल लोक में दूसरे चरण में हो रहे कामों भी देखे। उन्होंने कहा सब सुखी रहें, निरोगी रहें, सबका मंगल हो, कल्याण हो, महाकाल के चरणों में यही प्रार्थना की है।

महाकाल को रुद्राक्ष का आसन अर्पित, साष्टांग दंडवत प्रणाम

मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान और उनकी धर्मपत्नी साधनासिंह ने भगवान महाकाल को पूजन के दौरान रुद्राक्ष का आसन अर्पित किया। इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने भगवान को साष्टांग दंडवत प्रणाम किया। मुख्यमंत्री ने पीले रंग का सोला पहन रखा था। नंदीहॉल में बैठकर उन्होंने कुछ देर ध्यान भी लगाया।

पूर्व मंत्री जयवर्धनसिंह सुबह की भस्मारती में शामिल हुए

मप्र के पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयवर्धनसिंह सोमवार को अल सुबह महाकाल की भस्मारती में शामिल हुए। उन्होंने नंदीहॉल में बैठकर भगवान महाकाल का आशीर्वाद लिया।