आज नगर भ्रमण पर निकलेंगे श्री पशुपतिनाथ महादेव, स्वागत को आतुर दशपुरवासीएक दिन पूर्व निकली विशाल वाहन रैली, भक्तों में खासा उत्साह

मन्दसौर ।  आज सावन मास के अंतिम सोमवार विश्वविख्यात अष्टमुखी भूतभावन भगवान श्री पशुपतिनाथ महादेव भक्तों का हालचाल जानने नगर भ्रमण पर शाही रथ पर सवार होकर निकलेंगे। श्री पशुपतिनाथ महादेव की शाही सवारी का यह 27वां वर्ष है। शाही सवारी के प्रचार प्रसार हेतु मंदसौर नगर में विशाल वाहन रैली निकली। जिसका अनेक जगह स्वागत हुआ।
श्री पशुपतिनाथ महादेव की रजत प्रतिमा शाही रथ में सवार कर वर्ष में एक बार मंदसौर नगर में सावन के अंतिम सोमवार को निकाली जाती है। प्रात: 9 बजे मूल प्रतिमा का अभिषेक पूजन होने के बाद रजत प्रतिमा का पूजन- अर्चन कर अभिषेक किया जाएगा और प्रात: 10 बजे भगवान की प्रतिमा को शाही रथ में विराजित किया जाएगा उसके पश्चात भगवान की रजत प्रतिमा का भव्य नयनाभिराम श्रृंगार अलग-अलग मुखों का किया जाएगा। इस प्रतिमा का पूजन वित मंत्री जगदीश देवड़ा, सांसद सुधीर गुप्ता, विधायक यशपालसिंह सिसोदिया, कलेक्टर गौतम सिंह द्वारा किया जाएगा।
प्रात: कालीन आरती मण्डल के अध्यक्ष दिलीप शर्मा व प्रवक्ता उमेश परमार ने बताया कि शाही सवारी में बैंड, श्री दशपुर महाकालेश्वर व्यायाम शाला एवं शिक्षा समिति मंदसौर का अखाड़ा,नालछा माता मंदिर की झांकी, बाहुबली हनुमान वानर सेना संग झांकी , श्रीनाथ द्वारकाधीश झांकी, गुजरात के नासिक ढोल, तिरूपतिजी की झांकी, कालका माता की झांकी, मुंबई ढोल दल, अघोरी झांकी, नंदी पैदल, दाहोद के ढोल, ताशा पार्टी, डमरू पार्टी मंदसौर के ढोल शामिल रहेंगे। साथ ही युवतियां एवं बालिकाएं और महिलाए नृत्य करती हुए साथ चलेगी, कलश यात्रा भी होगी उसके पश्चात भगवान श्री पशुपतिनाथ महादेव का शाही रथ, भगवान ओखा बावजी की झांकी, स्वच्छता मिशन की झांकी रहेगी।
इन मार्गांे से निकलेगी सवारी- शाही सवारी पशुपतिनाथ महादेव मंदिर से उतारा खानपुरा सत्संग भवन, खानपुरा, मंडीगेट, सदर बाजार, धान मंडी,बड़ाचौक,गणपति चौक, शुक्ला चोक,कालाखेत,नेहरू बस स्टैंड, बालाजी मंदिर होते हुए भारत माता चौराहा,कालिदास मार्ग,घंटाघर, सदर बाजार होते हुए पुन: मंदिर प्रांगण पहुंचेगी। शाही सवारी का जगह-जगह भव्य स्वागत किया जाएगा।