ढाबा संचालक और कर्मचारियों ने किया हमला, एक की मौत..खाने के ज्यादा रूपए मांगने पर हुआ था विवाद

शाजापुर।  आगरा मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर शाजापुर बाईपास के यहां स्थित दिलीप ढाबा पर देर रात खाने के ज्यादा रूपए मांगने पर हुए विवाद में एक ग्राहक की हत्या कर दी और दो घायल हुए हैं। कोतवाली पुलिस घटना की जानकारी लगते ही मौके पर पहुंची और घायल ग्राहकों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में लेकर आई जहां डॉक्टरों ने एक को मृत घोषित कर दिया।

खाने के ज्यादा रूपए मांगने पर हुआ विवाद….

शाजापुर बाईपास पर स्थित दिलीप ढाबा पर निर्भयसिंह,मदन सिंह, ओमप्रकाश, इंदरसिंह, धर्मेन्द्र पिता हुकुम सिंह और धर्मेन्द्र पिता मदन सिंह सभी निवासी ग्राम बरवाल खाना खाने के लिए गए हुए थे। खाना खाने के बाद रूपए ज्यादा मांगने की बात को लेकर ढाबा संचालक से विवाद होने लगा। दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और जिसके चलते ढाबा संचालक और कर्मचारियों ने लाठियों और गुप्ती से हमला बोल दिया। निर्भयसिंह को हार्ट के पास गुप्ती लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके अलावा उसके साथी दोनों धर्मेन्द्र भी घायल हुए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को जिला अस्पताल में लेकर आई, जहां निर्भयसिंह को मृत घोषित कर दिया। कोतवाली थाना प्रभारी संतोष सिंह वाघेला ने बताया पुलिस ने ढाबा संचालक दिलीप परमार और रामचंद्र के खिलाफ धारा 302 में मामला दर्ज कर लिया है। घटना के बाद से दोनों आरोपी फरार है, पुलिस दोनों की तलाश कर रही है। दोनों आरोपियों की शीघ्र ही गिरफ्तारी होगी।

रिपोर्ट मनोज जैन