प्रियंका गांधी पर एफआईआर कराने भोपाल क्राइम ब्रांच पहुंची भाजपा

मप्र सरकार को 50 प्रतिशत कमीशन वाली बताया था; मंत्री सारंग बोले-रोज झूठ का सहारा ले रही कांग्रेस

भोपाल। मध्यप्रदेश भाजपा ने कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के खिलाफ भोपाल पुलिस की क्राइम ब्रांच में आवेदन देकर एफआईआर की मांग की है। मामला प्रियंका के मध्यप्रदेश सरकार को 50 प्रतिशत कमीशन वाली सरकार बताने वाले ट्वीट से जुड़ा है।
क्राइम ब्रांच में आवेदन देने पहुंचे चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि ‘मप्र में चुनाव आते ही कांग्रेस रोज झूठ का सहारा ले रही है।’ भाजपा प्रतिनिधिमंडल में पार्टी के प्रदेश महामंत्री भगवान दास सबनानी, विधायक रामेश्वर शर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष सुमित पचौरी भी मौजूद रहे।दरअसल, ठेकेदार संघ ने मध्यप्रदेश हाईकोर्ट की ग्वालियर बेंच के मुख्य न्यायाधीश को लेटर लिखकर 50 प्रतिशत कमीशन मांगे जाने की शिकायत करना बताया जा रहा है। कांग्रेस नेताओं के साथ प्रियंका गांधी ने इस लेटर को ट्वीट कर शिवराज सरकार को घेरा है।

प्रियंका गांधी ने ट्वीट में लिखा

प्रियंका गांधी ने शुक्रवार शाम ट्वीट किया। इसमें लिखा, ‘मध्यप्रदेश में ठेकेदारों के संघ ने हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश को पत्र लिखकर शिकायत की है कि प्रदेश में 50% कमीशन देने पर ही भुगतान मिलता है। कर्नाटक में भ्रष्ट भाजपा सरकार 40 प्रतिशत कमीशन की वसूली करती थी। मध्यप्रदेश में भाजपा भ्रष्टाचार का अपना ही रिकॉर्ड तोड़कर आगे निकल गई है। कर्नाटक की जनता ने 40% कमीशन वाली सरकार को बाहर किया, अब मध्यप्रदेश की जनता 50% कमीशन वाली भाजपा सरकार को सत्ता से हटाएगी।’

वीडी शर्मा बोले- कांग्रेस ने फर्जी पत्र जारी कर झूठ बोला

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने भोपाल में शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा, ‘कल कांग्रेस ने मध्यप्रदेश में एक व्यूह रचना के तहत बड़ा झूठ बोला। एक फर्जी पत्र जारी कर, एक तथाकथिक किसी ठेकेदार और कोई एसोसिएशन के नाम से झूठा पत्र जारी किया।’