मणिपुर में भीड़ ने विदेश राज्य मंत्री का घर जलाया

50 लोगों ने पेट्रोल बम फेंके, 20 दिन में 4 मंत्रियों-विधायकों के घर पर हमला

ब्रह्मास्त्र इंफाल

मणिपुर में 3 मई से कुकी और मैतेई समुदाय के बीच आरक्षण को लेकर जातीय हिंसा चल रही है। 100 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी। गुरुवार देर रात फिर हिंसा हुई। कुछ लोगों ने भाजपा सांसद और केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री राजकुमार रंजन सिंह के इंफाल स्थित घर में आग लगा दी। घटना के वक्त मंत्री केरल में थे। सिंह मैतेई समुदाय के हैं। राजकुमार रंजन सिंह ने कहा, कल रात जो हुआ उसे देखकर बेहद दुख हुआ। मुझे बताया गया कि 50 से अधिक लोगों ने रात करीब 10 बजे मेरे घर पर हमला किया। पहली मंजिल तक आग लगाई गई। गाड़ियां भी फूंक दीं। हालांकि घर पर कोई नहीं था। सिंह ने आगे कहा, आंख के बदले आंख से पूरी दुनिया अंधी हो जाएगी।