नाइजीरिया: शादी से लौट रहे 300 लोगों से भरी नाव नदी में डूबी, 100 की हुई मौत

ब्रह्मास्त्र अबुजा

नाइजीरिया में मंगलवार को एक बड़ा हादसा हुआ है। पुलिस और स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि उत्तर मध्य नाइजीरिया में शादी से लौट रहे 300 लोगों को ले जा रही एक नाव नदी में डूब गई। बताया जा रहा है कि इस घटना में 100 से अधिक लोग डूब गए हैं और कई लापता हैं। अधिकारियों की मानें तो मरने वालों की संख्या में अभी और इजाफा होने की आशंका है। हालांकि, बचावकर्मियों का रेस्क्यू आॅपरेशन जारी है।
एक रिपोर्ट के अनुसार, शादी समारोह नाइजर राज्य में हो रहा था। नाव शादी से मेहमानों को लेकर क्वारा राज्य में जा रही थी। बारिश और ज्यादा लोगों की वजह से नाव ओवरलोडिंग हो गई थी। क्वारा राज्य के पुलिस ओकासनमी अजय ने बताया कि अभी तक नाव दुर्घटना में 103 लोगों की मौत हुई है और 100 से अधिक लोगों को बचाया गया है।

नाइजर नदी में सुरक्षा प्रक्रियाओं की कमी और भारी बाढ़ के कारण डूबना आम बात है। पिछले महीने एक नाव उत्तर-पश्चिम सोकोटो राज्य में पलट गई थी। इस हादसे में 15 बच्चे डूब गए थे और 25 अन्य लापता हो गए थे। लगभग एक साल पहले, एक गांव के 29 बच्चे भी उसी नदी में डूब गए थे, जब वे अपने परिवारों के लिए जलाने वाली लकड़ियां इकट्ठा करने गए थे। पिछले दिसंबर में बरसात के मौसम में बड़े पैमाने पर बाढ़ के दौरान, कम से कम 76 लोग डूब गए थे, जब उनकी नाव दक्षिण पूर्व अंंबरा राज्य में एक उफनती नदी में डूब गई थी।