प्यार में दीवार बना धर्म : लव मैरिज के बाद लड़की के परिजन बोले- इस्लाम अपनाओ तो रिश्ता कुबूल, वरना मार डालेंगे

ब्रह्मास्त्र ग्वालियर

ग्वालियर-चंबल अंचल में दो प्यार करने वालों के बीच धर्म की दीवार खड़ी कर दी गई है। लड़की मुस्लिम है और लड़का हिंदू। दोनों ही मुरैना में रहते हैं। तीन साल से दोनों एक दूसरे के साथ प्यार के बंधन में हैं। 20 दिन पहले उन्होंने लव मैरिज की है। लड़के के परिजन तो मान गए हैं, लेकिन लड़की के परिजन रिश्ता कुबूल नहीं कर रहे हैं। अब वह धमका रहे हैं कि लड़का इस्लाम कुबूल कर मुस्लिम धर्म अपनाए, इसके बाद ही वह उनके प्यार को अपनाएंगे।

ऐसा नहीं करने पर लड़का और उसके नाना की हत्या करने की धमकी दे रहे हैं। धर्म परिवर्तन के लिए बार-बार धमकी दी जा रही है। यहां तक कहा जा रहा है कि मुरैना पुलिस से हमारी सेटिंग हो गई है। घबराए युवा प्रेमी जोड़े ने घबराकर सोमवार को ग्वालियर एसएसपी से सुरक्षा की मांग करते हुए मदद की गुहार लगाई है। गदर-एक प्रेम कथा मूवी की तरह यह पूरा मामला चल रहा है। मुरैना के सिविल लाइन एरिया निवासी नवीन शाक्य 21 साल का हिंदू युवक है। तीन साल पहले उसे मुम्बई निवासी 20 वर्षीय फरजाना बानो से प्यार हुआ। फरजाना अपने रिश्तेदार के यहां मुरैना में रहने आई थी। यहां दोनों की आंखें एक दूसरे से मिली और प्यार हो गया। धीरे-धीरे यह प्यार परवान चढ़ा और दोनों ने एक दूसरे के साथ जीवन व्यतीत करने का फैसला लिया। दोनों ने अपने-अपने परिवार के सामने बात को रखा। दोनों के परिवार ने विरोध किया। नवीन ने परिवार को समझाया और अपने पक्ष में कर लिया, लेकिन फरजाना के परिवार के सदस्य नहीं मान रहे। लगातार उसे मुरैना से मुम्बई वापस आने की धमकी दे रहे थे। 20 दिन पहले दोनों ने परिवार की मर्जी के खिलाफ जाकर मंदिर में शादी कर ली। दोनों बालिग हैं और नवल ने दोस्तों के सामने फरजाना की मांग भरकर एक नए रिश्ते को जन्म दिया। इसके बाद फरजाना ने तत्काल ही हिंदू रीति रिवाजों को मानना शुरू कर दिया।मुम्बई से आई धमकी, धर्म बदलो नहीं तो मार देंगे
जैसे ही, लव मैरिज की खबर फरजाना के पिता व भाइयों को लगी तो मुम्बई से नवीन शाक्य के पास कॉल आता है। फरजाना के परिजन धर्म परिवर्तन के लिए धमका रहे हैं। उनका कहना है कि नवीन को मुम्बई आकर इस्लाम कुबूल करना होगा, उसके बाद ही वह यह रिश्ते को सहमति देंगे। यदि मुस्लिम धर्म नहीं अपनाया, तो उसकी हत्या कर दी जाएगी। उसके साथ उसके (नवीन) नाना जिनके साथ वह रहता है, उनकी हत्या कर दी जाएगी। धर्म बदलने का इतना दबाव लड़की के परिजन डाल रहे हैं कि नवीन परेशान हो गया है। लगातार मिल रही धमकियों वह डरा हुआ भी है।
क्या कहते हैं नवीन और फरजाना?

मामले में फरजाना का कहना है कि उसने नवीन को दिल से अपनाया है। साथ ही, नवीन का कहना है कि उसने भी फरजाना को दिल से चाहा और जीवन भर साथ रहने की कसम खाते हुए शादी की है। उन्होंने न हिंदू धर्म देखा न ही मुस्लिम धर्म, लेकिन पता नहीं उनके प्यार के बीच यह दीवार कहां से खड़ी हो गई। नवीन का कहना है कि सबके धर्म की अहमियत होती है। मैं कभी फरजाना पर जबरदस्ती नहीं करूंगा, लेकिन मैं किसी के धमकाने पर कभी धर्म परिवर्तन नहीं होने दूंगा।

पुलिस ने दी सुरक्षा
एसएसपी ग्वालियर राजेश सिंह चंदेल ने नवीन और फरजाना को समझाया कि कोई उनका कुछ नहीं बिगाड़ सकता। पुलिस उनकी मदद करेगी। इसके बाद मुरैना पुलिस से संपर्क कर पूरे मामले से अवगत कराते हुए सुरक्षा की बात कही। मुरैना पुलिस आकर दोनों को ले गई है। वहां उनकी सुरक्षा की बात कही है।