April 20, 2024

ब्रह्मास्त्र धार

मध्यप्रदेश के धार में मुंह में पटाखा फूटने से सेना के एक जवान की मौत हो गई। जवान एक महीने की छुट्टी पर अपने गांव आया था, यहां एक शादी समारोह में आतिशबाजी कर रहा था। दोस्तों के उकसाने पर उसने रॉकेट मुंह में दबाकर जला दिया। इस दौरान ब्लास्ट होने से उसकी मौत हो गई। हादसे में उसका चेहरा बुरी तरह फट गया।
मामला धार जिले की सरदारपुर तहसील के आदिवासी ग्राम जलोख्या का है। जवान का नाम निर्भय सिंह (35) था। वह भारतीय सेना में जम्मू-कश्मीर में पोस्टेड था। सोमवार रात को वह गांव में ही आयोजित एक शादी समारोह में पहुंचा था। इस दौरान वह परिवार के साथ नाच रहा था। जवान निर्भय सिंह ने नाचते नाचते हाथ में एक रॉकेट लेकर उसे जलाया। वह आसमान की तरफ जाकर फट गया।
थोड़ी देर बाद उसने दूसरा रॉकेट उठाया और उसे मुंह में रखकर दबा लिया। निर्भय ने जैसे ही रॉकेट में आग लगाई, वह मुंह में ही फट गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। अचानक हुई इस घटना के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई। रात में ही परिजन फौजी के शव को लेकर समीप के अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मंगलवार को जवान के शव का पोस्टमॉर्टम हुआ। बताया जा रहा है कि दोस्तों के उकसाने पर जवान ने रॉकेट को मुंह में रखकर जलाया था।