April 20, 2024

आम दर्शनार्थियों की तरह पहुंचा दर्शन करने परिवार ।कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मलिकार्जुन खरगे का परिवार बाबा महाकाल के दरबार में पहुंचा। उन्होंने तकरीबन दो घंटे मंदिर में बिताए। भस्म आरती में शामिल हुए। उन्होंने गर्भग्रह में पहुंचकर बाबा महाकाल का जलाभिषेक रुद्राभिषेक किया और फिर नंदीहाल में पहुंचकर बाबा महाकाल का ध्यान भी लगाया। चौंकाने वाली बात ये रही कि उनके आने की खबर लोकल नेताओं को भी नहीं लगी।

विश्व प्रसिद्ध बाबा महाकालेश्वर की तड़के होने वाली भस्मआरती में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की पत्नी राधाबाई खरगे और उनके परिजन शामिल हुए। सभी ने बाबा महाकाल के दर्शन किए। मंदिर के पुजारी टिंकू गुरु ने गर्भग्रह में उनका पूजन कराया। नंदी हॉल में बैठकर उन्होंने बाबा महाकाल की भस्म आरती के दर्शन किए। खास बात यह रही कि शहर कांग्रेस का एक भी नेता इस दौरान मौजूद नहीं रहा।
बेखबर रहे स्थानीय नेता
बता दें कि कोई भी बड़ा नेता आता है तो कांग्रेसी फोटो खिंचवाने की होड़ में लग जाते हैं, लेकिन बाबा महाकाल के दरबार में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष का परिवार आया और उनके उज्जैन दर्शन के दौरान शहर कांग्रेस, जिला कांग्रेस, महिला कांग्रेस और युवा कांग्रेस के पदाधिकारी व कार्यकर्ता को इस बात की खबर तक नहीं लगी। जबकि याद रहे कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के परिवार के लिए भी एक अलग प्रोटोकॉल रहता है। इसके तहत कांग्रेस के पदाधिकारी खरगे की पत्नी से मिलने तो पहुंच सकते थे, लेकिन उनके महाकाल दर्शन के दौरान किसी भी कांग्रेसी का नहीं पहुंचना अब शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है। महाकाल मंदिर में दर्शन करने के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष की पत्नी और बच्चों ने मीडिया से चर्चा करने से मना कर दिया।