April 26, 2024

होलकर राजवंश के महाराज ने किया पूजन व दहन
नगर प्रतिनिधि इंदौर
इंदौर में सरकारी होलिका का दहन राजबाड़ा पर किया गया। होलकर राजवंश के श्रीमंत शिवाजी राव
(रिचर्ड) होलकर द्वितीय ने शाम 6.30 बजे होलिका का पूजन किया। जिसके बाद शाम 7 बजे होलिका दहन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग यहां मौजूद रहे। होलिका दहन के बाद महिलाओं ने भी होलिका का पूजन किया।
सरकारी होलिका दहन की पूरी तैयारी राजबाड़ा में स्थित मल्हारी मार्तंड मंदिर के पुजारी पं. लीलाधर वारकर ने की। राजबाड़ा पर सरकारी होलिका दहन की परंपरा कई सालों पुरानी है, जो लगातार जारी है। इस साल भी इस परंपरा का निर्वहन किया गया। परंपरानुसार होलकर राजवंश के महाराज ने होलिका का पूजन और फिर होलिका दहन किया। इसके बाद उन्होंने मल्हारी मार्तंड मंदिर में भगवान का पूजन-अर्चन कर चांदी की पिचकारी से देवी अहिल्या बाई होलकर की गादी पर रंग गुलाल डाला।
इसके साथ ही शहर में कई जगह होलिका का दहन किया गया। इस बार फाल्गुन माह में दो बार पूर्णिमा तिथि होने से दो दिन तक होलिका का दहन होगा। राजबाड़ा के अलावा खजराना गणेश मंदिर, रणजीत हनुमान मंदिर परिसर में भी सोमवार को ही होलिका दहन किया गया। वहीं शहर के कई गली-मोहल्ले व चौराहों पर भी होलिका दहन किया गया।