April 25, 2024

देवास। बैंक नोट मुद्रणालय देवास में 52वां राष्ट्रीय सुरक्षा सप्ताह का शुभारंभ 4 मार्च को हुआ। मुद्रणालय में कार्यरत सभी कर्मचारियों के बीच संरक्षा के प्रति जागरूकता को बढ़ाने के लिए इस कार्यक्रम का आयोजन प्रतिवर्ष किया जाता है। मुख्य महाप्रबंधक एस. महापात्र ने संरक्षा ध्वज फहराकर उपस्थित सभी कर्मचारियों को 52वां राष्ट्रीय सुरक्षा सप्ताह की शुभकामनायें दी एवं सभी उपस्थित कर्मचारियों एवं अधिकारियों को संरक्षा शपथ दिलवाई। मुख्य महाप्रबंधक ने संरक्षा क्षेत्र में अर्जित उपलब्धियों को बताया तथा उन्हें प्राप्त करने का श्रेय प्रत्येक कर्मचारी को दिया। मुद्रणालय को प्रतिष्ठित गोल्डन पीकॉक अवार्ड प्राप्त होने पर हर्ष व्यक्त किया। उन्होनें कहा कि सभी कर्मचारियों को कार्य के दौरान जागरूक रहकर व्यक्तिगत संरक्षा साधन जैसे दस्ताने, सेफ्टी बेल्ट, हेलमेट का उपयोग करना चाहिए। इससे हमारा संस्थान दुर्घटना मुक्त कारखाने के रूप में आगे बढ़ता रहेगा। संरक्षा विभाग के कार्यों की विस्तृत जानकारी देते हुये संरक्षा अधिकारी अनुराग वर्मा ने मुद्रणालय में संरक्षा अनुभाग द्वारा चलाये जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों के बारे में कर्मचारियों को बताया। इस अवसर पर औद्योगिक गृहव्यवस्था पर लीफलेट का विमोचन भी किया गया। कार्यक्रम में संरक्षा विभाग द्वारा संरक्षा प्रदर्शनी आयोजन किया गया एवं अग्निशमन एवं रेस्क्यू से संबन्धित डेमो भी दिया गया। इस अवसर पर अपर महाप्रबंधक द्वय के.एन.महापात्र एवं डी.के. डेका, सी.आई. एस. एफ कमांडेंट एसएस मीना, निरीक्षक बीबी कुर्मी के साथ यूनियन के पदाधिकारी भी उपस्थित थे।