पांच कि. मी. मैराथन दौड़ के साथ पतंगबाजी, गिल्ली-डंडा की भी धूम

मकर संक्रांति पर इंदौर शहर में आज कई खास कार्यक्रम

इंदौर। शहर में धार्मिक-सामाजिक और सांस्कृतिक संगठनों के विभिन्न कार्यक्रम आज आयोजित किए जा रहे हैं। मकर संक्रांति के अवसर पर शहर में पतंगबाजी के साथ पारंपरिक खेल गिल्ली-डंडा, सितोलिया, कबड्डी सहित विभिन्न खेलों का आयोजन होगा। मठ-मंदिरों में दान-पूजन के लिए श्रद्धालुओं का मेला लगा हुआ है। इसके अतिरिक्त तीन दिनी नानी बाई रो मायरो की कथा भी होगी।
गुजराती समाज द्वारा पांच किलोमीटर लंबी मैराथन दौड़ सुबह 6.30 बजे एएमएन गुजराती इंग्लिश मीडियम स्कूल विजय नगर में आयोजित की गई। इसके बाद स्कूल में पतंगोत्सव, गुल्ली-डंडा, सितोलिया का भी आयोजन चल रहा है। गुजराती व्यंजनों के स्टाल, निशुल्क पतंग वितरण, घुड़सवारी, झूला चक्री एवं सुमधुर गीत-संगीत की व्यवस्था की गई है।
उत्तराखंड यूथ क्लब के तत्वाधान में उत्तरैणी-मकरैणी के त्योहार पर वीर राजपूत धर्मशाला केदार नगर में मेला लगा। इसमें सूर्य को सामूहिक अर्घ्य देने के साथ ही पतंगबाजी, गिल्ली डंडा, सितोलिया के अतिरिक्त लोक संगीत, लोक नृत्य और भजन हो रहे हैं। इसमें उत्तराखंड से इंदौर, महू, पीथमपुर, देवास में आकर बसे एक हजार समाजजन भाग ले रहे हैं।

महापौर ने किया मित्र संक्रांति महोत्सव का आयोजन

महापौर पुष्यमित्र भार्गव द्वारा मित्र संक्रांति महोत्सव का आयोजन दशहरा मैदान पर हुआ। बंजारा महिला संगठन द्वारा पतंगबाजी, गिल्ली, डंडा, कबड्डी का आयोजन भी चल रहा है।