April 19, 2024

केंद्रीय मंत्री ठाकुर बोले- महाकाल लोक व सराफा जरूर जाइए, सीएम ने कहा- छप्पन भी…

इंदौर। प्रदेश की औद्योगिक राजधानी इंदौर में तीन दिन चलने वाला प्रवासी भारतीय सम्मेलन शुरू हो गया है। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने संबोधित करते हुए प्रवासियों से कहा कि आप इंदौर आए हैं तो महाकाल लोक जाइएगा। और हां, एक बात जरूर कीजिएगा कि समय निकालकर सराफा बाजार में जरूर जाना। एक बार जाएंगे तो बार-बार जाने का मन करेगा। इसके बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी संबोधित किया। उन्होंने मंत्री ठाकुर की बात को ही आगे बढ़ाते हुए एनआरआई से पूछा कि आप सब कैसे हैं। पहला दिन कैसे गुजरा। इंदौर ने सिर्फ पलक पावड़े नहीं बिछाएं, यहां तो होड़ लगी थी कि आपको अपने घर रुकवाएं। मंत्री ठाकुर ने सराफा की बात कही है, मैं तो कहता हूं कि आप सभी छप्पन दुकान भी जाइएगा। सीएम और केंद्रीय मंत्री की बात को आगे बढ़ाते हुए केंद्रीय विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा मैं सराफा तो नहीं गया लेकिन कल रात 56 दुकान जरूर गया था।

सीएम ने न्यूटन का नियम भी समझाया

सीएम शिवराजसिंह चौहान ने न्यूटन का नियम समझाया। उन्होंने बताया कि कैसे गुरुत्वाकर्षण की खोज हुई। कहा कि न्यूटन ने नवाचार किया, वैसे ही भारतीय युवा नवाचार करते हैं। गूगल, माइक्रोसॉफ्ट, एडोब जैसी बहुराष्ट्रीय कंपनी में भारतीय ही भारतीय नजर आएंगे। डेवलपमेंट से बोर्ड रूम तक भारतीय हैं। राजीव सुरी, इंदिरा नुई, सत्य नडेला कितने नाम हैं, जिन्होंने सफलता के नए इतिहास रचने का काम किया है। कोई पक्षी यदि डाल पर बैठा है तो उसे पेड़ या डाल पर नहीं अपने पंखों पर भरोसा है।
सीएम ने अनुराग ठाकुर की बात को आगे बढ़ाते हुए कहा सराफा तो जाना ही, 56 दुकान भी जरूर जाना। महाकाल लोक शाम के समय जरूर जाना। ओंकारेश्वर भी जरूर जाना। टाइगर स्टेट के बाद अब मप्र चीता स्टेट भी बन गया है।
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा इंदौर में जो इन्फ्रास्ट्रक्चर देख रहे हैं वो प्रधानमंत्री मोदी के गति शक्ति मिशन का परिणाम है। भारत के युवा दुनिया से हमें जोड़ने में बड़ी भूमिका निभा रहा हैं।

Box
इंदौर में मोदी ही मोदी, शिवराज के भी कटआउट

प्रवासी भारतीय सम्मेलन शुरू होने के साथ ही इंदौर की रंगत ही बदल गई है। पूरा शहर मानो दुल्हन की तरह सजा हुआ है। आयोजन स्थल ब्रिलिएंट कन्वेंशन सेंटर एयरपोर्ट तक जहां देखो वहां मोदी के बड़े-बड़े कटआउट दिखाई दे रहे हैं। मोदी के साथ शिवराज भी हैं। इस रास्ते में चारों तरफ मोदी और शिवराज के कटआउट ही दिखाई दे रहे हैं। सबसे ज्यादा और सबसे बड़े कटआउट पीएम मोदी के हैं।