April 26, 2024

भोपाल में आज सीवियर कोल्ड डे, मध्य प्रदेश में सबसे अधिक ठंडा ग्वालियर, उज्जैन सहित पूरे प्रदेश में पारा तेजी से नीचे गिरा और कंपकपाती ठंड बढ़ी है….

इंदौर/ भोपाल। मध्य प्रदेश में पिछले 3 दिनों से लगातार ठंड पड़ रही है। पारा तेजी से नीचे गिर रहा है। ग्वालियर सबसे ठंडा है और भोपाल आज सीवियर डे घोषित हो चुका है। स्कूल लगने का टाइम बढ़ा दिया गया है। उज्जैन सहित प्रदेश के सभी शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में कंपकपाती ठंड बढ़ी है।
इस सीजन में पहली बार इंदौर में आज बुधवार सुबह कोहरा दिखाई दिया। सुबह 5 बजे से 7:30 बजे तक दृश्यता 800 मीटर से कम रही। सुबह 6:30 बजे घने कोहरे के कारण दृश्यता 200 मीटर तक भी पहुंची।
पिछले चार दिनों से शहर में चल रही उत्तरी व उत्तरी पूर्वी हवाओं के कारण शहरवासियों को ठिठुरन का अहसास हो रहा है। शहर में लगातार तीसरे दिन न्यूनतम तापमान में गिरावट देखने को मिली और पारा 10 डिग्री के नीचे रहा। मंगलवार की रात इस सीजन की सबसे सर्द रात रही। बुधवार सुबह शहर में न्यूनतम तापमान 7.3 डिग्री दर्ज किया गया जो कि सामान्य से दो डिग्री कम रहा।
गौरतलब है कि रविवार से लगातार तीन दिन तक शहर में न्यूनतम तापमान इस सीजन के सबसे कम तापमान के स्तर पर बना हुआ है। मंगलवार को अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कम 21.6 डिग्री दर्ज किया गया। बुधवार को दिन के तापमान में गिरावट दर्ज होने से आज इंदौर में कोल्ड डे रहने की संभावना है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक दिन के तापमान में भी गिरावट होगी। ऐसे में शहर में बुधवार को शीतल दिन की स्थिति बनने की पूरी संभावना है। पिछले 24 घण्टे में शहर में उत्तरी, उत्तर पूर्वी हवाएं अधिकतम 18 किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से चली। बुधवार को शहर में दिखा कोहरा सुबह दृश्यता 200 मीटर तक पहुंची।