बुरहानपुर में तलवार पर डांस से होगा भारत जोड़ो यात्रा का मप्र में स्वागत — उज्जैन में राहुल के साथ होंगी प्रियंका गांधी, खाने में दाल-बाफले, कढ़ी

 

इंदौर में राजवाड़ा पर नुक्कड़ सभा

इंदौर/ उज्जैन। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा की मध्यप्रदेश में एंट्री 23 नवंबर को होगी। महाराष्ट्र में जलगांव के जामोद से होते हुए यात्रा बुरहानपुर के बोदरली गांव पहुंचेगी। यात्रा 15 दिन में प्रदेश के 6 जिले बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, इंदौर, उज्जैन और आगर-मालवा में घूमेगी। पहले यात्रा 20 नवंबर को मध्यप्रदेश आना तय था। बुरहानपुर में रीना नरेंद्र पंवार 51 मटकियां सिर पर रखकर तलवार की धार पर खड़े होकर बंजारा लोकनृत्य की प्रस्तुति देंगी। खंडवा में गणगौर नृत्य से अगवानी होगी। खरगोन में नर्मदा आरती तो इंदौर में राजबाड़ा पर राहुल गांधी की नुक्कड़ सभा होगी। उज्जैन में राहुल महाकाल और आगर में नलखेड़ा स्थित मां बगलामुखी का आशीर्वाद लेंगे। यात्रा की पूरी बागडोर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के हाथों में है।

इंदौर में राहुल गांधी की नुक्कड़ सभा

इंदौर में 28 नवंबर को भारत जोड़ो यात्रा महू दशहरा मैदान ग्राउंड से शुरू होकर इंदौर आएगी। शहर कांग्रेस अध्यक्ष विनय बाकलीवाल ने बताया कि यात्रा यहां से चोइथराम अस्पताल के सामने से होते हुए माणिकबाग से कलेक्टर चौराहे पर जाएगी। फिर कांग्रेस कार्यालय के सामने से होकर गुजरते हुए राजबाड़ा पहुंचेगी। यहां पर राहुल गांधी की नुक्कड़ सभा होगी। नुक्कड़ सभा के बाद राहुल गांधी कार से खालसा कॉलेज जाएंगे। यहां पर राहुल गांधी रात रुकेंगे।

इंदौर में कलेक्टर चौराहे से यात्रा कांग्रेस कार्यालय के सामने से होकर गुजरते हुए राजबाड़ा पहुंचेगी। यहां पर राहुल गांधी की नुक्कड़ सभा होगी।
इंदौर में कलेक्टर चौराहे से यात्रा कांग्रेस कार्यालय के सामने से होकर गुजरते हुए राजबाड़ा पहुंचेगी। यहां पर राहुल गांधी की नुक्कड़ सभा होगी।
29 नवंबर को यात्रा का ब्रेक रहेगा। 30 नवंबर को बड़ा गणपति चौराहे से यात्रा शुरू होगी, जो जिंसी चौराहे से होकर किला मैदान होते हुए मरीमाता चौराहे पहुंचेगी। यहां से यात्रा कांग्रेस विधायक संजय शुक्ला के घर के सामने से गुजरेगी। अरबिंदो अस्पताल से होते हुए सेंट्रल जेल के सामने रुकेगी। यहां मॉर्निंग ब्रेक होगा। इसके बाद यात्रा यहां से आगे बढ़ेगी।

उज्जैन में दाल-बाफले खाएंगे राहुल

राहुल की यात्रा बाबा महाकाल के दर से भी गुजरेगी। उज्जैन में 1 दिसंबर को पहुंचने वाली यात्रा को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। राहुल यहां सबसे पहले बाबा महाकाल के दर्शन को जाएंगे। इसके बाद एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। इसमें एक लाख से ज्यादा लोगों को जुटाने का लक्ष्य रखा गया है। सभा में प्रियंका गांधी भी नजर आएंगी। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकाअर्जुन खड़गे, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गेहलोत, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, दिग्विजय सिंह के मौजूद रह सकते हैं।