उज्जैन। धोखाधड़ी गिरोह में शामिल आरोपी सात माह से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर 10 हजार का इनाम घोषित किया गया था। शुक्रवार फरार इनामी आरोपी गिरफ्त में आ गया। जिसे न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया है।
पानबिहार चौकी प्रभारी जयंत डामोर ने बताया कि 1 जुलाई 2025 को ग्राम भीलखेड़ा में रहने वाले रवि मालावत की जेसीबी शाहरूख पिता अयुब शाह निवासी तंजीम नगर इंदौर ने किराये पर ली थी। उसने किराया ना देकर उक्त जेसीबी को अपने साथियों की मदद से महाराष्ट्र के धूलिया में बेच दिया था। रवि मालावत की शिकायत पर प्रकरण दर्ज करने के बाद धूलिया से जेसीबी को जप्त कर धोखाधड़ी में शामिल इब्राहीम खान निवासी धुलिया महाराष्ट्र, रईस खान निवासी मोहल्ला नई दिल्ली उन्हेल और नईम खान निवासी आजाद नगर इंदौर को गिरफ्तार किया था। धोखाधड़ी का मुख्य आरोपी शाहरूख फरार चल रहा था। जिसकी गिरफ्तारी पर 10 हजार का इनाम घोषित किया गया था। गुरूवार-शुक्रवार रात क्राइम ब्रांच टीम के साथ पानबिहार चौकी पुलिस ने फरार इनामी आरोपी को इंदौर से गिरफ्तार कर लिया गया। सात माह बाद गिरफ्त में आये आरोपी को शुक्रवार दोपहर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जेल भेजा गया है।
देवासगेट-महाकाल थाने के आरोपी भी गिरफ्तार
क्राइम ब्रांच की टीम द्वारा लगातार फरार इनामी आरोपी की धरपकड़ का अभियान थाना पुलिस के साथ मिलकर चलाया जा रहा है। इसी अभियान में देवासगेट थाना क्षेत्र में पिछले साल हुई चाकूबाजी की घटना में फरार इनामी आरोपी अंसार उर्फ बिल्ली पिता मलंग शाह निवासी गरीब नवाज कॉलोनी, बेगमबाग और महाकाल थाना क्षेत्र के अपराध में 2 साल से फरार इनामी आरोपी पार्थ पिता जितेन्द्र यादव निवासी खंदार मोहल्ला को गिरफ्तार किया गया है। दोनों पर 10-10 हजार का इनाम घोषित था। क्राइम टीम ने स्थाई वारंटी अमजद पिता सरदार खान निवासी आगरनाका मित्र नगर को भी गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।
सात माह बाद धोखाधड़ी में फरार इनामी आरोपी पकड़ाया