मृतक के रस्सी से बंधे थे हाथ गले में कसा था गमचे का फंदा

उज्जैन। नरवर में कुएं से बुधवार रात 9.30 बजे एक अधेड़ का कुएं से शव बाहर निकाला गया। जिसके दोनों हाथ रस्सी से बंधे थे। गले में गमचे का कसा था। शव 3 से 4 दिन पुराना हो चुका था। पुलिस मृतक की पहचान के प्रयास कर रही है।
नरवर थाने के एसआई गणपतसिंह मुजालदे ने बताया कि ग्राम हरन्याखेड़ी में दोपहर 12 बजे के लगभग मनोज गुजराती के कुएं से दुर्गंध आने पर ग्रामीणों ने अंदर देखा तो उसमें लाश पड़ी दिखाई दी। मामले की सूचना रितेश गुजराती ने पुलिस को दी। घटनास्थल पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से लाश बाहर निकालने के प्रयास कराये, लेकिन दुर्गंध काफी अधिक होने से कोई निकालने को तैयार नहीं हुआ। पुलिस ने खाट और रस्सी मंगवाकर प्रयास किया, लेकिन कुएं की गहराई 50 से 60 फीट होने पर सफलता नहीं मिल पाई। देर शाम क्रेन बुलवाई गई और रात 9.30 बजे के लगभग शव को बाहर निकाला गया। मृतक 45 से 50 वर्ष का प्रतीत हो रहा था। उसके दोनों हाथ रस्सी से बंधे थे। गले में गमचा कसा हुआ था, संभवत: शव 3 से 4 दिन पुराने होने और बॉडी फूलने से गमचा गले में कस चुका था, लेकिन फंदे जैसा प्रतीत हो रहा था, खेत में अंधेरा होने पर ज्यादा कुछ समझ नहीं आ पा रहा था।