युवा मोर्चा की रैली में पकड़ाए 2 संदिग्ध जेबकट

उज्जैन। भारतीय जनता युवा मोर्चा की रैली में सोमवार को कार्यकर्ताओं के साथ जेबकट भी शामिल हो गये थे। कई कार्यकर्ताओं की जेब साफ होने के बाद 2 संदिग्धों को पकड़ा गया है। दोनों कोटा के रहने वाले बताये जा रहे हैं।
भाजयुमो का नगर अध्यक्ष बनाये जाने पर अमय शर्मा ने आभार रैली का आयोजन किया था। क्षीरसागर से शुरु हुई रैली में सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए थे। रैली को देख कुछ जेबकतरे भी कार्यकर्ता बनकर भीड़ में पहुंच गये। क्षीरसागर क्षेत्र में 2 कार्यकर्ताओं की जेब से मोबाइल गायब हो गया। रैली आगे बढ़ी तो कुछ के पर्स गायब होना सामने आये। इस बीच फ्रीगंज ब्रिज पार कर रैली ग्राउंड होटल के आगे पहुंची, तभी 2 संदिग्ध दिखाई दिये, जो कार्यकर्ताओं की जेब पर नजर दौड़ा रहे थे। उसी दौरान दोनों को पकड़ लिया गया। भीड़ उन पर हाथ साफ करती, उससे पहले माधवनगर पुलिस ने दोनों को हिरासत में लिया और पूछताछ के लिये थाने ले गई। उनके पास से एक पर्स मिला है। जिसके संबंध में पूछताछ की जा रही है। मामले में माधवनगर टीआई मनीष लोधा ने बताया कि जेबकटी के तीन मामले उनके पास पहुंचे हैं वहीं कुछ मामले कोतवाली थाने भी गये है। हिरासत में लिये गये संदिग्ध कोटा के रहने वाले हैं। दोनों शहर में मक्सीरोड पर डेरा बनाकर गमले बेचने का काम करते है। उनके पास से कुछ मिला नहीं है। जेबकटी की भूमिका में दोनों के शामिल होने की तस्दीक के लिये क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखे जा रहे हैं।