उज्जैन । विक्रम व्यापार मेले को लेकर चौपहिया वाहन बेचने वालों का आकर्षण लगातार तीसरे वर्ष भी बरकरार है । तीसरे वर्ष के मेले के लिए प्रथम निविदा में ही चौपहिया के लिए आरक्षित 123 शाप में से 72 निलामी में चली गई हैं । इसकी अपेक्षा दो पहिया वाहन बेचने वालों की कमजोर स्थिति सामने आ रही है। कुल निर्धारित 40 में से 15 दुकानें ही निलामी में जा सकी हैं । इस बार कुल 261 दुकानों में से प्रथम निविदा में 91 दुकानें निलाम हो चुकी हैं। शेष 170 के लिए दुसरी निविदा खुलने वाली है एवं तीसरी आमंत्रित की जाने वाली है।
उज्जैन में 15 फरवरी महाशिवरात्रि से 19 मार्च गुड़ी पड़वा तक व्यापार मेला लगाया जाएगा। मेले की सुरक्षा को देखते हुए सम्पूर्ण मेला क्षेत्र का 20 करोड़ का सुरक्षा बीमा नगर निगम द्वारा करवाया जाएगा। प्रशासनिक ट्रेनिंग से लौटकर निगमायुक्त अभिलाष मिश्रा ने सोमवार को ज्वाईन करने के उपरांत मेला आयोजन की तैयारी को लेकर बैठक ली है। श्री मिश्रा ने प्रस्तावित व्यापार मेले में नगर निगम द्वारा व्यवस्थाएं और सुरक्षा का पूरा ध्यान रखने के निर्देश दिए है। इसके लिए मेले का लेआउट डालने का कार्य, शौचालय की व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, सिविल वर्क, कंट्रोल रूम, इत्यादि जो भी व्यवस्थाएं समय पूर्व करने को कहा है।
261 में से 91 दुकानें निलाम-
नगर निगम द्वारा शासकीय इंजीनियरिंग कालेज परिसर में व्यापार मेले का यह दुसरा आयोजन किया जा रहा है। विक्रम व्यापार मेले का आयोजन पहली बार दशहरा मैदान,कालिदास अकादमी के पीछे एवं पीजीबीटी मैदान परिसर में आयोजित किया गया था। इस वर्ष के प्रस्तावित मेला के लिए नगर निगम ने कुल 261 दुकानों के लिए प्रथम आनलाईन निविदा जारी की थी। इनमें से 91 दुकानें निलामी में दी गई हैं। 170 दुकानों की निलामी के लिए द्वितीय निविदा जारी की गई थी जिन्हें खोलने का क्रम जारी है। इस बीच शेष बचने वाली दुकानों के लिए तीसरी निविदा जारी की जाएगी।
चौपहिया की आधी से अधिक दुकानें निलाम-
मेले में तीसरी बार भी चौपहिया विक्रेताओं का रूझान बरकरार है। इस वर्ष नगर निगम ने चौपहिया वाहन विक्रेताओं के लिए कुल 123 दुकानें रखी हैं जिसमें से प्रथम निविदा में 72 दुकानें निलाम हो गई हैं। दो पहिया के लिए 40 दुकानें रखी गई थी जिसमें से मात्र 15 ही प्रथम निविदा में निलाम हुई। बैंकों के लिए 10 में से 3 दुकानें निलाम हुई हैं। कार डेकोरेशन की 5 में से 1,इलेक्ट्रानिक की 10 में से एक भी दुकान निलाम नहीं हुई हैं। खाद्य सामग्री की 8,आरटीओ कार्य की 5 एवं जनरल शाप की 60 दुकानों में से प्रथम निविदा में एक भी दुकान निलाम नहीं हुई।
प्रथम निलामी से 1.91 करोड मिले-
नगर निगम को शासकीय इंजीनियरिंग कालेज परिसर में पिछले वर्ष के आयोजन से 4.97 करोड रूपए दुकान निलामी से मिले थे। इस बार प्रथम निविदा निलामी से ही 1.91 करोड मिले हैं। ऐसे में अभी दो निविदा और आमंत्रित की जाने वाली हैं जिनसे अच्छी निलामी आय होने की आस बरकरार हैं