उज्जैन। फ्रीगंज में मंगलवार शाम उस वक्त हंगामा मच गया, जब युवक नमकीन दुकान पर खड़े युवक को धक्का देकर मकान में घुस गया। लोगों ने उसे चोर समझा, युवक ने मकान का दरवाजा बंद कर लिया और छत से कूदने का प्रयास करने लगा। पुलिस ने रेस्क्यू किया और नीचे उतारा। युवक भागलपुर बिहार का विक्षिप्त होना सामने आया है।
माधवनगर थाना क्षेत्र के जागीदार भवन के पास शाम 7.30 बजे के लगभग नमकीन दुकान पर खरीददारी कर रहे युवक को एक अन्य युवक ने धक्का दिया और समीप तरूण मलिक के मकान में घुस गया। लोगों को लगा कि बदमाश है और वारदात की नियत से घर में घुसा है। उसे पकड़ने का प्रयास किया, मकान में घुसे युवक ने दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। मामले की सूचना थाना प्रभारी राकेश भारती टीम के साथ मौके पर पहुंचे। युवक पकड़े जाने के डर से मकान की छत पर चढ़ गया। उसने गैलेरी से लटक कर कूदने का प्रयास किया। पुलिस ने उसे बचाने के लिये रेस्क्यू शुरू किया और समीप मकान की खिड़की से छत पर चढ़ी, लटके युवक का हाथ पकड़कर उसे ऊपर खींच गया और कस्टडी में लेकर थाने आई। थाना प्रभारी के अनुसार युवक से पूछताछ शुरू की गई तो वह बरगलाने लगा, उसकी हरकते विक्षिप्त जैसी प्रतीत हो रही थी। उसके पास से मोबाइल नम्बर मिला। जिस पर संपर्क किया तो पता चला कि उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। बिहार के भागलपुर का रहने वाला है। उसका उपचार चल रहा था, कुछ दिन पहले भाग निकला है। उसकी तलाश की जा रही है। थाना प्रभारी ने परिजनों को उसके उज्जैन पुलिस की कस्टडी में होने की जानकारी दी। परिवार के आने पर उसे सुपुर्द किया जायेगा।
छत से लटका देख लोगों की लगी भीड़
मकान में युवक के घुसने पर लोगों ने उसे चोर समझ लिया था, आसपास के लोगों को पता चला तो एकत्रित हो गये। युवक छत से लटक गया, इस दौरान आने-जाने वाले भी उसकी हरकत देख रूक गये। क्षेत्र में काफी भीड़ लग गई। जिसके चलते आवागमन भी बाधित हो गया। पुलिस ने 20 से 25 मिनट की मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया। लोगों का कहना था घर में घुसने के दौरान उसने कपड़े अलग पहने थे। उसने कपड़े बदलकर पकड़ने जाने के डर से छत से कूदने का प्रयास किया था।
मकान में घुसे युवक ने छत से कूदने का किया प्रयास -पुलिस ने रेस्क्यू कर उतारा नीचे, भागलपुर का निकला विक्षिप्त