मंदिरों की सुरक्षा-व्यवस्था को लेकर 40 गांवों में पहुंची पुलिस

उज्जैन। आभूषणों के दामों में बेतहाशा तेजी और पिछले दिनों ग्रामीण क्षेत्रों के मंदिरों में हुई चोरी के मामलों में पुलिस अब मंदिरों की सुरक्षा-व्यवस्था को लेकर मुस्तैद दिखाई दे रही है। बड़नगर थाना पुलिस की 10 टीमों ने चार से पांच दिनों में 40 गांवों के मंदिरों की सुरक्षा को लेकर पुजारियों, समिति सदस्यों से चर्चा की।
बड़नगर एसडीओपी महेन्द्रसिंह परमार और थाना प्रभारी अशोक पाटीदार ने बताया कि इंगोरिया के दंगवाड़ा और घट्टिया थाना क्षेत्र के नजरपुर में 2 मंदिरों से पिछले दिनों बदमाशों ने सोने-चांदी के आभूषणों और दानपेटी से राशि चोरी करने की वारदात को अंजाम दिया था। जिले में हुई वारदातों के साथ ही आसपास के जिलों में भी मंदिरों से आभूषण चोरी की खबरे सामने आई है। इन दिनों सोने-चांदी के भाव में काफी तेजी बनी हुई है। बदमाशों ने मंदिरों का रूख कर वहां भगवान की प्रतिमा से आभूषण, छत्र चोरी करना शुरू कर दिया है। इसको लेकर पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा द्वारा जिले में मंदिरों की सुरक्षा-व्यवस्था का पुख्ता करने के निर्देश जारी किये है। इस क्रम में बड़नगर थाना पुलिस की 10 टीम बनाई गई है। जो चार से पांच दिनों में तहसील के 40 गांवों में बने मंदिरों तक पहुंची और पुजारियों के साथ मंदिर समिति के सदस्यों से चर्चा कर सुरक्षा की दृष्टि से रात में प्रतिमाओं पर आभूषण नहीं रखने की बात कहीं। मंदिरों में सीसीटीवी कैमरे, चौकीदारों की नियुक्ति के निर्देश भी दिये। तहसील के हर छोटे-बड़े मंदिर के पुजारियों से चर्चा की जा रही है।
ग्रामीणों की समस्या भी सुन रही पुलिस
थाना प्रभारी अशोक पाटीदार ने बताया कि मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिये पहुंची रही पुलिस की टीम ग्रामीणों की समस्या सुन रही है। इस दौरान ग्रामीण का कहना है कि पुलिस क्षेत्रों में लगतार भ्रमण करती रहे। शाम ढलने के बाद शराब पीने वाले आने-जाने वाले लोगों से बेवजह झगड़ा कर मारपीट करते है, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाये। ऐसे शराबियों की शिकायत करने से कई लोग डरते है, पुलिस अपनी ओर से ऐसे लोगों पर संज्ञान ले। ग्रामीणों की समस्या सामने आने पर पुलिस ने कस्बे के 10 मोहल्लों में जागरूक नागरिकों की मीटिंग आयोजित कर पुलिस का सहयोग करने की बात कहीं है।
90 बदमाशों से भरवाया बाउंड ओवर
थाना प्रभारी के अनुसार आगामी दिनों में महाशिवरात्री, होली पर्व के साथ रमजान पर्व मनाया जाना है। त्यौहारों के समय हुडदंग ना हो इसको लेकर भी गुंडे-बदमाशों को चिन्हित किया जा रहा है। पांच से छह दिनों में 90 बदमाशों, आरोपियों को चिन्हित कर उनसे बाउंड ओवर भरवाये गये और हिदायत दी गई है। सुरक्षा के साथ कानून व्यवस्था को बनाये रखने में पुलिस पूरी तरह से मुस्तैद है।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment