उज्जैन। रविवार सुबह मावठा की बारिश से ठंड बढने के आसार बने थे लेकिन बादलों ने ठंड के आसार को कमजोर कर दिया। शहरी क्षेत्र के साथ ही आसपास एवं जिले के कुछ भाग में इस दौरान बारिश हुई है। बारिश होने के बावजूद बादलों के कारण ठंड में कोई खास अंतर दिन में नहीं देखा गया है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण आगामी दो दिन और बारिश के आसार बताए जा रहे हैं।
रविवार सुबह आसमान में छाए बादलों से शहर में बारिश हुई है। इससे सडकों पर अच्छी खासी रेलमपेल हो गई। दोपहर तक सडकों पर किचड एवं गंदगी की स्थिति के साथ पानी जमा देखा गया है। मुख्य सडकों पर पूर्वान्ह में हुई वर्षा का पानी कुछ घंटों में ही सिमट गया था। रहवासी क्षेत्रों में जरूर पानी से उपजी गंदगी काफी देर तक बनी रही है। बारिश से मौसम में ठंडक का असर बढने के आसार बने थे लेकिन बादलों के होने एवं हवा के कमजोर होने से ठंड का असर नहीं बढ सका है।
तापमान में कोई खास अंतर नहीं आया-
शासकीय जीवाजी वेधशाला से जारी विज्ञप्ति के अनुसार रविवार को दिन में शहरी क्षेत्र में 2 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। न्यूनतम तापमान एक दिन पूर्व की अपेक्षा हल्का सा बढकर 15.8 डिग्री सेंट्रीग्रेड दर्ज किया गया है। दिन का अधिकतम तापमान एक दिन पूर्व की अपेक्षा एक डिर्गी बढत के साथ 26.5 डिग्री सेंटीग्रेड दर्ज किया गया है। आर्द्रता सुबह 80 एवं शाम को 62 फीसदी दर्ज की गई है। हवा की गति सुबह 2 एवं शाम को 6 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली है।