प्रशासन ने रात में कराई मुनादी, लोगों ने घरों को किया खाली -आज से तकिया मस्जिद क्षेत्र में शुरू होगा निर्माण कार्य
उज्जैन। महाकाल मंदिर विस्तारीकरण योजना में महाकाल लोक के पास निर्माण कार्य होना है। जिसमें 257 मकानों के साथ धर्मस्थल तकिया मस्जिद को हटाया जाना है। शुक्रवार रात प्रशासन ने यहां मुनादी कराई। जिसके बाद लोगों ने घरों को खाली करना शुरू कर दिया था। आज से यहां मकानों को हटाने का काम शुरू कर दिया जायेगा।
शुक्रवार रात को महाकाल लोक के पास तकिया मस्जिद क्षेत्र में पुलिस और प्रशासन के अधिकारी पहुंचे। यहां निजामुद्दीन कालोनी बनी है। जहां 257 मकान भी बने हुए है। मंदिर विस्तारीकरण योजना में सभी को हटाया जाना है। जिसको लेकर एसडीएम लक्ष्मीनारायण गर्ग, एएसपी नितेश भार्गव ने भारी पुलिस बल के साथ क्षेत्र में मकान खाली कराने के लिये मुनादी कराई और शांति बनाने की बात कहीं। प्रशासन और पुलिस की मुनादी के बाद रात में रहवासियों ने अपने मकानों को खाली करना शुरू कर दिया था। कई रहवासियों ने स्वेच्छा से मकानों को तोड़ना भी शुरू कर दिया था। रात में ही 50 से अधिक मकान खाली हो चुके थे। शेष खाली किये जा रहे थे। महाकाल मंदिर विस्तारीकरण योजना का काम सवा दो हेक्टयर में होना है। जिसको लेकर पूर्व में ही कार्य योजना तैयार हो चुकी थी। प्रशासन ने नोटिस जारी कर दिये थे। जिसकी समय सीमा समाप्त हो चुकी है। रहवासियों ने हाईकोर्ट में याचिका लगाई थी। जिसे उच्च न्यायालय ने खारिज कर दिया है। प्रशासन ने पहले ही 66 करोड़ का मुआवजा देना तय कर दिया था। जिसमें से 32 करोड रूपये मुआवजा दिया जा चुका है। आज से प्रशासन योजना के काम की शुरूआत कर देगा। जिसको लेकर रात में ही यहां मशीने और उपकरण पहुंच गये थे। कुछ दिन में ही क्षेत्र का समतलीकरण कर लिया जायेगा और कार्य को मूर्तरूप दिया जाना शुरू कर देगें।