बर्फीली हवाओं से ठिठुर गया पूरा एमपी, 5 संभागों में बूंदाबांदी के आसार
भोपाल। मध्यप्रदेश में कड़ाके की सर्दी पर 2-3 दिन के लिए ब्रेक लगेगा। 11 और 12 जनवरी को ग्वालियर, चंबल, रीवा, सागर और जबलपुर संभाग के जिलों में बूंदाबांदी होने के आसार है। वहीं, कोहरा भी रहेगा। 13 जनवरी से कड़ाके की ठंड का दौर फिर शुरू होगा।
मौसम विभाग ने 10, 11 और 12 जनवरी को दिन-रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी होने का अनुमान जताया है। इसके बाद तापमान में फिर गिरावट होगी। वहीं, वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) की एक्टिविटी से बूंदाबांदी और बादल वाला मौसम रहेगा। बर्फीली हवा चलने से प्रदेश के शहरों में दिन-रात कड़ाके की ठंड पड़ रही है। पिछली 3 रात से पारा काफी नीचे लुढ़का है। यह दौर तीन दिन के लिए थम जाएगा। मौसम विभाग के अनुसार, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, लद्दाख में बर्फ पिघल रही है, जिससे हवा की रफ्तार भी तेज हो गई है। गुरुवार को जेट स्ट्रीम हवाओं की रफ्तार 250 किमी प्रतिघंटा रही। मौसम विभाग के अनुसार, जनवरी में प्रदेश का मौसम ठंडा ही रहेगा। 20 से 22 दिन तक शीतलहर चलने का अनुमान है। जनवरी के पहले सप्ताह में कड़ाके की ठंड पड़ी। दूसरा दौर भी ऐसा ही रहा।
प्रदेश में लगातार तीसरी रात पारा 2 डिग्री के नीचे रहा। मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार-गुरुवार की रात में इकलौते हिल स्टेशन पचमढ़ी में तापमान 1.9 डिग्री दर्ज किया गया। इससे पहले 0.2 डिग्री रहा था। मंडला में 3 डिग्री, उमरिया में 4.1 डिग्री, राजगढ़ में 4.6 डिग्री, मलाजखंड में 4.6 डिग्री और रीवा में 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बड़े शहरों में भोपाल में सबसे कम 5 डिग्री रहा। इंदौर में 8.6 डिग्री, ग्वालियर में 6.1 डिग्री, उज्जैन में 6.4 डिग्री और जबलपुर में 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गुरुवार को दिन के तापमान में भी गिरावट रही।