अब भाजपा नेता के वेयर हाउस से 53 लाख का चना गायब,प्रकरण दर्ज
उज्जैन। घट्टिया थाना क्षेत्र के बच्चूखेडा में कांग्रेस नेता विजयसिंह गौतम के वेयर हाउस से 3.52 करोड का गेंहु गायब होने के मामले में पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया था। अभी इस मामले में जांच जारी थी की पुलिस ने भाजपा नेता गजेन्द्र सिंह उमठ के मालीखेडी वेयर हाउस से 53 लाख के चना गायब होने के मामले में प्रकरण दर्ज किया है।
थाना प्रभारी डीएल दशोरिया ने बताया कि मालीखेड़ी में उमठ वेयर हाउस है। इसके संचालक भाजपा नेता गजेन्द्र सिंह उमठ हैं। वेयर हाउस में 2018-19 में शासन द्वारा कुल उपार्जित चना 21460 बोरे जिनका वजन 10738.73 क्विंटल जमा किए थे। इसके बाद कुछ चना वापस ले लिया था। 6 जनवरी को एमपी वेयर हाउसिंग एवं लॉजिस्टिक कार्पोरेशन के क्षेत्रीय प्रबंधक बीएल चौहान ने उमठ वेयर हाउस का निरीक्षण किया था। इसमें गंभीर गड़बड़ी मिली थी। वेयर हाउस में वर्ष 2018-2019 के 2050 चने के बोरे वजन 1090.14 क्विंटल गायब मिला और वेयर हाउस खाली पाया गया। 4840 रुपए प्रति क्विंटल की दर से 52 लाख 76 हजार 278 रुपए के 2050 बोरी चने की हेराफेरी पाई गई। जांच में पता चला कि यह हेराफेरी 17 मई 2018 से 6 जनवरी 2025 के बीच की गई। क्षेत्रीय प्रबंधक बी.एल चौहान की शिकायत पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है। थाना प्रभारी दसोरिया ने बताया कि वेयर हाउस संचालक गजेन्द्र सिंह उमठ और वेयर हाउस एवं लाजिस्टिक कार्पोरेशन के निलंबित घट्टिया शाखा प्रबंधक भगवान सिंह पटेल के खिलाफ धारा 316(2), 316(5), 318(3) के तहत प्रकरण पंजी बद्ध किया है।