April 20, 2024

ब्रह्मास्त्र इंदौर। शुक्रवार शाम हीरानगर इलाके में नगर निगम की टीम पर एक परिवार के सदस्यों ने छत से हमला कर दिया। पशु पालकों ने यहां उपर से निगम की टीम पर पत्थर फेंके। सूचना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची। लेकिन नगर निगम के अधिकारियों ने मामले में किसी तरह की शिकायत नहीं की है।
मामला श्याम नगर एनएक्स का है। यहां अपर आयुक्त देवेन्द्रसिंह के आदेश पर रिमूव्हल तथा कोंदवाड़े की टीम पहुंची थी। जिसमें यहां पशु पालक बंशी लाल ओर उसके परिवार के लोगों ने छत से पत्थर फेंके। इस दौरान अचानक भगदड़ मच गई।
यहां नगर निगम के अधिकारियों ने पत्थर फेंकने वाले लोगों के वीडियो बना लिये। इधर डायल 100 को भी सूचना दी गई। बाद में मौके पर हीरानगर थाने के टीआई सतीश पटेल भी पहुंचे। नगर निगम के अधिकारी यहां से बिना पुलिस कार्यवाही के वापस चले गए।

बगैर जानकारी के पहुंचे थे निगमकर्मी

कोंदवाड़े की टीम पर पहले भी पशुओं को सांठगांठ कर छोड़ने के आरोप लग चुके हैं। शुक्रवार को भी निगमकर्मी यहां बिना अधिकारियों की जानकारी के पहुंचे थे। फिलहाल निगम के अफसर आज शनिवार को कार्रवाई की बात कर रहे हैं।

इसी इलाके में हो चुकी है हत्या

आवारा पशु पकड़ने को लेकर 2017 में निगमकर्मी शुभम कुशवाह की हीरानगर इलाके में चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। जिसमें नगर निगम ने पुलिस के साथ मिलकर आरोपियों के घर और कोंदवाड़े तोड़े थे। उस समय शहर भर में बड़े स्तर पर मुहिम चली थी। वहीं जूनी इंदौर और अन्नपूर्णा इलाके में भी पहले आवारा पशु पालने वालो ने नगर निगम की टीम पर हमला कर दिया था।