April 25, 2024

इंदौर। मध्यप्रदेश में एक दिन में कोरोना के 9603 नए केस मिले हैं। चार मौतें भी रिपोर्ट हुई हैं। एक्टिव केस 55 हजार के पार पहुंच चुके हैं। पॉजिटिविटी रेट 12.4% है। भोपाल में एक दिन में मिलने वाले नए कोरोना संक्रमितों का सबसे बड़ा आंकड़ा आया है। यहां 1991 केस मिले हैं। इनमें 122 बच्चे हैं। भोपाल में इसके पूर्व 28 अप्रैल 2021 को दूसरी लहर के दौरान 1853 केस सामने आए थे और तीन मौत हुई थी। इंदौर में 2838 तो ग्वालियर में 720 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। ग्वालियर के केस में 89 बच्चे शामिल हैं। आगर-मालवा ही एकमात्र ऐसा जिला है, जहां एक भी नया केस नहीं है और न ही एक्टिव केस हैं।
भोपाल में एक्टिव मरीजों की संख्या 9800 से पहुंच गई है। 9665 मरीज होम आइसोलेशन में हैं। 128 अस्पताल में भर्ती है। अब तक 1 लाख 38 हजार 852 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 1 लाख 28 हजार 44 मरीज ठीक हो चुके हैं। जेएचए के 12 डॉक्टर भी संक्रमण की चपेट में आए हैं। क्राइम ब्रांच के दो जवान, एसपी ऑफिस में तैनात महिला कॉन्स्टेबल समेत 12 पुलिस जवान संक्रमित मिले हैं। सभी को होम आइसोलेट किया गया है।