April 20, 2024

10 बजते ही पुलिस ने होटल और पब बंद करवाना शुरू कर दिया, रात 9 बजे भगवान के भी पट हो गए बंद, सड़कों पर दिखाई दी पुलिस, सुबह 5 बजे भक्तों ने किए खजराना गणेश के दर्शन

ब्रह्मास्त्र इंदौर। वर्ष 2021 को अलविदा और वर्ष 2020 का स्वागत करने के लिए लोगों ने जश्न मनाया। अलबत्ता, कोरोना की दहशत से लगे प्रतिबंध ने उनका मजा जरूर फीका कर दिया। थर्टी फर्स्ट यानि न्यू ईयर सेलिब्रेशन पर कोरोना का काला साया पड़ने से यह जश्न 3 घंटे में ही सिमट गया। इंदौर में प्रशासन ने तय किया था कि शाम 7 बजे से रात 10 बजे तक ही जश्न मनाएं और फिर अपने-अपने घर चले जाएं। जश्न मनाने वाले यूं तो दिन भर मस्ती के मूड में रहे, लेकिन शाम 7 बजे से ही पब और होटलों में जश्न मनाया जाने लगा। लोग झूमने लगे और डांस आदि कर मन बहलाने लगे। पीने पिलाने का दौर भी खूब चला, लेकिन जैसे ही रात के 10 बजे पुलिस ने सख्ती दिखानी शुरू कर दी। पब, होटल आदि बंद करवाए जाने लगे। ध्यान रहे कि पूरे प्रदेश में रात 11 बजे से कर्फ्यू शुरू हो जाता है। कहीं-कहीं जश्न 24:00 तक भी चलते रहने की खबर है। हालांकि ,पुलिस ने इस ढंग से व्यवस्थाएं संभाली की जश्न मनाने वाले 11 बजे तक घरों में पहुंच जाएं। वैसे ठंड और कोरोना कर्फ्यू के मद्देनजर ज्यादातर लोगों ने घरों में ही जश्न मनाना ठीक समझा। कहीं कोरोना गाइडलाइन का पालन हुआ, तो कहीं बगैर मास्क भी पहने भी लोग नजर आए। रात 11 बजे के बाद सड़कों पर बिना कारण घूमते दिखे लोगों से पुलिस ने पूछताछ भी की। हां, लोग घरों में जरूर देर रात तक सेलिब्रेशन करते रहे। इस पर पाबंदी नहीं थी। हर शहर में सड़कों पर पुलिस दिखाई दी।

सुबह घनघनाने लगी मंदिर की घंटियां

इंदौर में कर्फ्यू के 1 घंटे पहले सब कुछ बंद हो करवा दिया। पुलिस ने रात 10 बजे ही होटल, पब और बार-रेस्टोरेंट बंद कराना शुरु करवा दिया। हर साल नए साल में खजराना गणेश मंदिर में लोग गणेशजी का दर्शन करने आते हैं। इस बार 31 दिसंबर की रात 10 बजे भक्तजनों की एंट्री बंद कर दी गई। रात 12 बजे की आरती पुजारी ने की। आज सुबह 5 बजे जैसे ही मंदिर के पट खुले भक्तों ने भगवान सिद्धिविनायक के दर्शन किए। मंदिर की घंटियां घनघनाने लगी।शराब की दुकानें रात 10.30 बजे से बंद करना शुरू कर दी गई। एक साथ ज्यादा संख्या में लोगों के एकत्र होने पर पुलिस ने तितर बितर कर दिया।