March 29, 2024

ब्रह्मास्त्र इंदौर/ उज्जैन। प्रदेश के साथ ही इंदौर- उज्जैन में भी कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। कल शनिवार को इंदौर में जहां 19 और उज्जैन में 5 नए मरीज कोरोना पाजिटिव आए हैं। लगातार बढ़ती हुई कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या यह दर्शा रही है कि आने वाला समय खतरनाक है, इसलिए सावधानी बरतना भी जरूरी है।
उज्जैन में शनिवार को फिर पांच लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके साथ ही यहां कोविड के एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 18 हो गई है। ये पांचों मरीजों का अब तक आए मरीजों से कोई संबंध नहीं है। इनमें से दो मरीज शारजाह से आए हैं। दो युवक मुंबई और एक युवती सिंगापुर से लौटी है। पांचों मरीजों को लगातार बुखार व अन्य परेशानी हो रही थी। इसके चलते गुरुवार को सेंपल लिया गया था। जिसकी रिपोर्ट शनिवार को आई।
शारजाह से लौटे युवकों की उम्र 23 व 54 वर्ष है। दोनों का वहीं कारोबार है। वे उज्जैन के खाराकुआ क्षेत्र में रहते हैं। दशहरा मैदान निवासी दो अन्य युवक मुंबई से लौटे हैं। वे मुंबई में रहकर पढ़ाई कर रहे हैं। जबकि सिंगापुर में जॉब कर रही 29 वर्षीय एक युवती की रिपोर्ट भी कोरोना पॉजिटिव आई है। यह युवती ऋषिनगर में रहती है। आरआर टीम के नोडल अधिकारी डॉ. रौनक एलची ने बताया कि 18 में से चार मरीजों को होम आइसोलेट किया है। जबकि 14 का उपचार माधवनगर डिस्पेंसरी में किया जा रहा है। सभी की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।