March 29, 2024

ब्रह्मास्त्र उज्जैन। भाजपा नेता कैलाश विजयवर्गीय, उनके बेटे विधायक आकाश और रमेश मेंदोला के कारण मंदिर प्रशासन ने शुक्रवार को भगवान महाकाल की भस्म आरती आधा घंटे लेट करा दी। नाग पंचमी के दिन तीनों नेता भगवान महाकाल के दर्शन करने सुबह पहुंचे थे। उनके आते ही प्रशासन ने सभी गेट बंद कर दिए। सुबह 4 बजे भस्म आरती करने जब मुख्य पुजारी अजय और अन्य पुजारी गेट नंबर चार पर पहुंचे तो उन्हें वहीं रोक दिया गया। इस पर उन्होंने हंगामा कर नाराजगी जाहिर की। बताया गया है कि इस दौरान मंदिर के सीसीटीवी कैमरे भी फ्रीज कर दिए गए थे। अब प्रशासन और मंदिर से जुड़े अफसर कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है।
नागपंचमी पर ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर के शिखर पर स्थित श्री नागचंद्रेश्वर महादेव के गुरुवार मध्य रात 12 बजे पट खोले गए। लगातार दूसरे वर्ष कोरोना के चलते प्रशासन ने नागचंद्रेश्वर दर्शन के लिए मंदिर में आम प्रवेश प्रतिबंधित किया है। इसके चलते एक भी श्रद्धालु कतार में नहीं लगा। वर्ष में एक बार नागपंचमी पर्व पर ही इस मंदिर के पट परंपरा अनुसार आम दर्शन के लिए खोले जाते हैं। लेकिन पिछले वर्ष भी कोरोना के चलते आम लोग नहीं जा पाए थे और इस बार भी यहीं स्थिति बनी है।परंपरा निर्वहन करने के लिए महानिवार्णी अखाड़े के महंत विनित गिरि महाराज अपने कुछ सहयोगियों के रात करीब 11.45 बजे मंदिर पहुंचे और ठीक 12 बजे पट खोलकर भगवान की प्रथम पूजा की। 12:15 तक पूजा चली। मंदिर प्रशासक नरेंद्र सूर्यवंशी भी मौजूद थे। हालांकि प्रशासन देश-विदेश के लाखों श्रद्धालुओं को भगवान नागचंद्रेश्वर के आॅनलाइन लाइव दर्शन करा रहा है। मंदिर के पट 24 घंटे खुले रहने के बाद आज शुक्रवार रात 12 बजे बंद होंगे।
दोपहर 12 बजे कलेक्टर ने सपत्निक की सरकारी पूजा
नागपंचमी पर शुक्रवार दोपहर 12 बजे कलेक्टर आशीष सिंह सपत्निक सरकारी पूजा करने मंदिर पहुंचे। पूजा में जिला एवं पुलिस प्रशासन के अन्य अधिकारी भी परिवार के साथ शामिल रहे। तीसरी आज शाम को मंदिर प्रबंध समिति द्वारा की जाएगी।