April 25, 2024

उज्जैन। फ्रीगंज में 4 मई को राजू द्रोणावत के सीने में गोली दागने वाले और षडयंत्रकारी का पुलिस अभिरक्षा में उपचार कर रही थी। मंगलवार को गोली दागने वाले की गिरफ्तारी की गई है। आज षडयंत्रकारी अस्पताल से डिस्चार्ज हो सकता है।
माधवनगर थाना से कुछ दूर मुंगी तिराहे पर जीतू गुर्जर और धर्मेन्द्र सिसौदिया ने घासमंडी चौराहा पर रहने वाले राजू द्रोणावत के सीने में दिनदहाड़े गोली दाग दी थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज सामने आने पर दोनों की पहचान कर तलाश शुरू की थी। 7 मई को माधवनगर पुलिस ने धर्मेन्द्र को गिरफ्तार कर न्यायालय से चार दिनों की रिमांड पर लिया था। 12 मई को गोली चलाने वाला जीतू गुर्जर ने पुलिस को देख विक्रमनगर ब्रिज से छलांग लगा दी थी। उसके दोनों पैर टूट गये थे। पुलिस ने उसे उपचार के लिये इंदौर एम व्हाय अभिरक्षा में भेजा था। धर्मेन्द्र की गिरफ्तारी के बाद सामने आया था कि गोली चलाने का षडयंत्र बाबू भारद्वाज ने रचा था। जो पैरोल पर आने के बाद से फरार चल रहा है। पुलिस ने उसकी सरगर्मी से तलाश शुरू की थी। 9 मई को बाबू भारद्वाज क्षिप्रा विहार मालवासा मार्ग पर मुठभेड़ में पुलिस की 2 गोली लगने से घायल हो गया था। उसका उपचार भी इंदौर में चल रहा था। मंगलवरा को गोली चलाने वाले जीतू गुर्जर को डॉक्टरों ने डिस्चार्ज कर दिया था। माधवनगर पुलिस उसे थाने लेकर आई है। बुधवार को उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा। जीतू से पुलिस को पिस्टल बरामद करना है। गोलीकांड के षडयंत्रकारी बाबू भारद्वाज भी मंगलवार को डिस्चार्ज होने वाला था, लेकिन दस्तावेज की वजह से उसे डिस्चार्ज नहीं किया जा सका। बुधवार दोपहर तक उसे भी नागझिरी पुलिस उज्जैन ला सकती है। मुठभेड़ के दौरान बाबू ने पुलिस पर फायर किया था। नागझिरी पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या के प्रयास और शासकीय कार्य में बाधा डालने का प्रकरण दर्ज किया है।