April 19, 2024

उज्जैन। पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम में बदलाव आ रहा है। पिछले 2 दिनों से आंधी बारिश हो रही थी। सोमवार को आसमान से बादल साफ होते ही तापमान में तेजी आ गई। अधिकतम तापमान नौतपा से पहले 41 डिग्री दर्ज किया गया है। 25 मई से नौतपा की शुरूआत हो रही है। जिसमें बारिश की संभावना बनी हुई है।
रविवार को तेज आंधी और बारिश के बीच दिन का तापमान 37 डिग्री पर आ गया था। रात के तापमान में भी 2 डिग्री की गिरावट आई थी। सोमवार को आसमान से बादल साफ होने और तेज धूप निकलने पर तापमान में 4 डिग्री का उछाल आ गया। धूप और गर्मी से बचने के लोग जतन करते दिखाई दिये। जीवाजीराव वेधशाला के अनुसार अधिकतम तापमान 41 डिग्री दर्ज हुआ है। पिछले दो दिनों से चल रही 12 से 15 किमी. प्रतिघंटे की रफ्तार से चल रही हवा भी 8 किमी. प्रतिघंटे की हो गई है। 25 मई से नौतपा की शुरूआत हो रही है, जिसमें भीषण गर्मी पड़ती है, लेकिन अरब सागर में बन रहे नमी के वातावरण से एक ओर सिस्टम के सक्रिय होने की संभावना बढ़ गई है। जो बारिश आंधी के साथ आ सकता है। वेधशाला अधीक्षक डॉ. राजेन्द्र कुमार गुप्त के अनुसार सालों बाद पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता इतने लम्बे समय तक होना सामने आई है। इस बाद बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में लगातार सिस्टम सक्रिय हो रहा है। जिससे ठंड की शुरूआत भी दिसंबर माह के अंत में हुई थी। मार्च-अप्रैल में तापमान सामान्य से कम बना रहा था। मई माह में एक बार तापमान 42 डिग्री तक पहुंचा है। सिस्टम की सक्रियता से मानसून में देरी हो सकती है।