April 17, 2024

इंदौर में एक आरोपी सूचीबद्ध बदमाश तो दूसरे पर दर्ज हैं पांच आपराधिक प्रकरण, वारंट भी निकला

इंदौर। छुटभैये बदमाशों को रात 2 बजे भी उसके घर से खींच लाने वाली पुलिस गुंडागर्दी के आरोपियों से डर गई। जिन आरोपियों को टीआई ने पकड़ा, अफसरों ने उन्हें छुड़वा दिया। आधी रात को एसीपी कोर्ट खोलनी पड़ी। रातोंरात जमानत पर रिहा किया। एक आरोपी सूचीबद्ध बदमाश है, जबकि दूसरे पर पांच प्रकरण दर्ज हैं। उसका वारंट भी निकला है। अब सवाल उठ रहे हैं कि इन्हें रातोंरात छोड़ने के लिए कहां से दबाव डाला गया।
विजय नगर पुलिस ने गुरुवार रात करणी सेना के जिला अध्यक्ष ऋषिराज सिंह सिसोदिया और रामसिंह दिखित को गिरफ्तार किया था। आरोपी विजय नगर थाने के पीछे गुंडागर्दी कर रहे थे। ट्रैवल्स संचालक निशवर्धन सिंह के साथ मारपीट की थी। पुलिस ने ऋषिराज व रामसिंह पर धारा 151 के तहत कार्रवाई की। टीआई रवींद्र गुर्जर से अभद्रता की। गिरफ्तारी की भनक लगते ही अफसरों में हड़कंप मच गया।

ऋषिराज का वारंट…

ऋषिराज के खिलाफ एक वारंट भी मिला है। टीआई गुर्जर के मुताबिक, पिछले वर्ष मार्च में लवीना जेठवानी की शिकायत पर नंदिनी रनावत पर केस दर्ज हुआ था। ऋषि भी मामले में आरोपी बना, लेकिन पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी नहीं ली। देर रात पुराने केस में वारंट तामील करवाया गया। लवीना की क्रस रोड बिल्डिंग में दुकान पर नंदिनी ने कब्जा कर रखा है।

सूचीबद्ध बदमाश को भी छोड़ दिया

ऋषिराज पर पिस्टल से धमकाने का आरोप भी है। पुलिस को पता चला लसूड़िया, शिप्रा व विजय नगर में पांच केस दर्ज हैं। रामसिंह भागीरथपुरा पुलिस चौकी का सूचीबद्ध बदमाश है। चौकी प्रभारी जगदीश मालवीय ने कहा कि ऋषिराज पर 25 से ज्यादा केस दर्ज हैं। पुलिस ने रामसिंह को भी छोड़ दिया।

बाउंड ओवर की कार्रवाई

इस बारे में डीसीपी जोन 2 अभिषेक आनंद का कहना है कि आरोपियों पर अंतरिम बाउंड ओवर की कार्रवाई की है। दोबारा विवाद करने पर उल्लंघन की कार्रवाई होगी। रात में इसलिए जमानत देनी पड़ी।