March 28, 2024

उज्जैन। मार्च-अप्रैल में बारिश के बाद मई का तीसरा सप्ताह भी बारिश की दस्तक देता दिखाई दे रहा है। अरब सागर में कम दबाव का क्षेत्र बनने और नमी के वातावरण ने गर्मी से राहत देना शुरू कर दिया है। तीन दिनों से तापमान 39 डिग्री दर्ज हो रहा है। बुधवार शाम मौसम में ठंडक आ गई थी।
मोगा चक्रवात के मेवाड़ में समाप्त होने के बाद अरब सागर में कम दबाव का क्षेत्र और नमी का वातावरण बनते ही प्रदेश का मौसम बदल चुका है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में बारिश-आंधी का अलर्ट जारी किया है। स्थानीय जीवाजीराव वेधशाल अधीक्षक डॉ. राजेन्द्र कुमार गुप्त के अनुसार शहर में 2 दिनों से आसमान में बादल छा रहे है। तापमान 40 डिग्री से नीचे आ गया है। हवा 12 से 14 किमी. प्रतिघंटे से चल रही है। जिसके चलते गर्मी से राहत मिली है। 20 मई तक शहर में हल्की बारिश हो सकती है। बुधवार को बादलों की वजह से दिन में उमस महसूस हो रही थी, लेकिन शाम को तेज हवा के साथ मौसम पूरी तरह से बदल गया था। डॉ. गुप्त के अनुसार इस बार बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में लगतार वेस्टर्न डिस्टेबेंस की सक्रियता बनी हुई है। मार्च अप्रैल के बीच 45 मिमी. बारिश हुई थी और तापमान 35 डिग्री से नीचे बना रहा था। मई के दूसरे सप्ताह से तापमान में तेजी आना शुरू हुई थी और गर्मी बढ़ने लगी थी, एक बार फिर तापमान में गिरावट आ रही है। हवा का रुख पश्चिमी और दक्षिण-पश्चिम का बना हुआ है।