April 19, 2024

महिला के अनुसार मृतक ने खुद को पहुंचाई चोट, जबरदस्ती संबंध बनाने का कर रहा था प्रयास

इंदौर। शहर के एरोड्रम थाना क्षेत्र के दुर्गा नगर में महिला से मिलने आए युवक की चाकू लगने से मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि महिला और उसके बीच में अवैध संबंध थे, जिसके चलते दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। विवाद के दौरान झूमाझटकी में युवक को चाकू लगा और उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार बड़नगर निवासी अंकित बजरंगी की मौत की सूचना मिली थी। तीसरी मंजिल के एक कमरे में लहूलुहान हालत में शव पड़ा हुआ था। उसकी जांघों में चोट पाई गई है। महिला का पति चप्पल की दुकान संचालित करता है। घटना के वक्त पति और बच्चा दोनों घर पर नहीं थे। जानकारी मिली है कि उक्त महिला से मृतक का संबंध था। इसलिए शाम चार बजे वह मिलने के लिए आया था। इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसमें चाकू झूमाझटकी में मृतक की जांघ पर और महिला की कमर में चाकू लगे हैं।
मृतक वस्त्रहीन स्थिति में पाया गया है। मृतक महिला के पति और परिवार के सदस्यों से पूर्व में परिचित था। लाकडाउन में भी वह लंबे समय तक इनके घर में ही रुका था। लेकिन काफी समय से वह यहां नहीं दिखाई दिया था। महिला भी चोटिल हुई है। महिला के अनुसार मृतक ने खुद को चोट पहुंचाई है। जबरदस्ती संबंध बनाने का प्रयास कर रहा था।