April 20, 2024

उज्जैन। मक्सीरोड पर सोमवार रात बदमाशों ने खुलेआम गुंडागर्दी मचाई। राह चलती गाड़ियों के कांच फोड़े दिये। डायल हंड्रेड पहुंची तो टायर पर चाकू मारे। प्रधान आरक्षक पर हमले का प्रयास किया गया। कुछ देर में ही आक्रोशित लोगों की भीड़ थाने पर जमा हो गई। स्थिति संभालने के लिये एएसपी और सीएसपी को पहुंचना पड़ा।
शहर में कानून व्यवस्था दिन-ब-दिन बिगड़ती जा रही है। बदमाश बेखौफ हो रहे है। बीती रात 8 बजे पंवासा क्षेत्र में 14 से 15 बदमाशों पूरी तरह से बेलगाम दिखाई दिये। प्रतापनगर कलाली के सामने से बदमाशों ने गद्दर मचाना शुरू किया और 500 मीटर दूर बजरंग कालोनी तक दहशत फैलाई। बदमाशों ने रास्ते से गुजर रही गाड़ियों के डंडे-पत्थर, हथियार से कांच फोड़ दिये। बदमाश पैदल क्षेत्र में हंगामा करते रहे। पंवासा थाने का आधा बल जयगुरुदेव आश्रम और आधा प्रतिदिन होने वाली चैकिंग में लगा था। थाने पर प्रधान आरक्षक ज्ञानेश द्विवेदी थे, उन्होंने डायल हंड्रेड का पाइंट दिया और खुद बदमाशों को पकड़ने के लिये निकल पड़े। एक बदमाश ने उन पर चाकू से हमला करने का प्रयास किया, डायल हंड्रेड पहुंची और एक बदमाश को पकड़ने का प्रयास किया गया। बदमाश ने पुलिस वाहन के टायर पर चाकू मार दिये। इस बीच करीब 25 से 30 दो पहिया-चार पहिया, छह पहिया वाहनों के कांच फूट चुके थे। बदमाशों के खुलेआम गद्दर की जानकारी लगते ही एएसपी आकाश भूरिया, सीएसपी सचिन परते मौके पर पहुंच गये थे। पुलिस ने एक बदमाश को हिरासत में ले लिया था। जिसका नाम भूरा ठाकुर निवासी बजरंग कालोनी होना सामने आया है। पंवासा के रहने वाले सुनील और गणपत नामक बदमाश की पहचान हुई है। पुलिस सभी की तलाश कर रही है।