April 25, 2024

इंदौर। घर में नकली नोट छापकर उसे बाजार में चलाने वाले आरोपी को जिला एवं सत्र न्यायालय ने उम्रकैद की सजा सुनाई है। आरोपी घर में ही 100, 500 और दो हजार रुपए के नकली नोट छाप लेता था। क्राइम ब्रांच ने जब उसे गिरफ्तार किया तो उसके पास से कुल 2 लाख 53 हजार 100 रुपए के नकली नोट थे। खास बात यह है कि सभी तरह के नोट पर सीरीज एक ही थी।
पुलिस ने उसके खिलाफ केस दर्ज करने के बाद जांच शुरू की। आरोपी राजरतन तायड़े निवासी आजाद नगर को पुलिस ने विगत 9 जून 2021 को पकड़ा था। उसने पूछताछ में पुलिस को बताया कि कागज, स्कैनर और डाई की मदद से वह नकली नोट घर में ही बना लेता था। बाजार में वह सामग्री खरीदने के बहाने नोट चला देता था। ऐसी दुकान और शोरूम को भी टारगेट करता था जहां पर भीड़ अधिक होने पर नोट फटाफट गिनकर रख दिए जाते थे। जब उसे पकड़कर जांच की तो 100, 500 और 2000 के नकली नोट की गड्डी निकली। उसे पकड़कर घर ले गए तो वहां पर नकली नोट बनाने की सामग्री पूरे घर में फैली हुई थी। कागज को असली नोट के आकार में काटने का फर्मा भी मिला था। पुलिस ने जांच के बाद चालान पेश किया।