April 16, 2024

इंदौर। नशे के सौदागर पुलिस को चकमा देने के लिए नए-नए तरीके निकाल रहे हैं। ऐसा ही एक मामला सामने आया, जिसमें आरोपी पुलिस से बचने के लिए चिल्ड वॉटर की केन में गांजा ले जा रहे थे। उनके पास से नशे का सामान जब्त हुआ। अन्य आरोपियों के नाम भी सामने आए।
एक आरोपी की मां पहले गांजा सप्लाय करने के मामले में पकड़ा भी चुकी है।
दरअसल, गश्त के दौरान पुलिस की टीम को भंवरकुआं चौराहे पर स्थित मंदिर में 7 युवा-स्टूडेंट गांजा फूंकते मिले। पूछताछ में उन्होंने पुलिस को बताया कि वे कॉम्पिटिटिव एग्जाम की तैयारी करते हैं। एक दाढ़ी वाला व्यक्ति उन्हें गांजा उपलब्ध करवाता है। वो कहां से लाता है, उन्हें नहीं पता। उसी से वे गांजे की पुड़िया खरीदते हैं।
चौराहे के आसपास ही गांजा सप्लायर अक्सर उन्हें घूमते-फिरते मिल जाता है।
अगले दिन 7 मई की रात करीब दस बजे भंवरकुआं चौराहा के पास सर्विस रोड पर गश्त करते समय एक काले रंग की बाइक पर बताए गए हुलिया का आदमी एक अन्य व्यक्ति के साथ बीच में चिल्ड वॉटर की केन लिए जाते हुए मिला। पुलिस ने जब उन्हें रोकने की कोशिश की तो वे भागने लगे। हड़बड़ाहट में घबराकर बाइक सहित स्लिप होकर गिर गए। हाथ में मौजूद वॉटर केन भी गिर गई और उसका ढक्कन खुलने से केन में रखा सामान बाहर आ गया। पुलिस ने चेक किया तो वो मादक पदार्थ गांजा था।