April 20, 2024

10 साल में पहली बार देश का सबसे गर्म शहर बना इंदौर

इंदौर। सीजन में पहली बार गर्मी ने लोगों का पसीना छुड़ा दिया है। आज 8 मई को भी सूरज आसमान से आग बरसाता रहा। दोपहर बाद हल्के बादल छाते रहने से तापमान 38.4 रिकॉर्ड किया गया। यह एक दिन पहले से कम है। 7 मई को 41.9 डिग्री के साथ इंदौर देश का सबसे गर्म शहर था। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आज भी इतना ही तापमान भी 40 या उससे अधिक रहने का अनुमान था लेकिन दोपहर बाद मौसम बदलने से कुछ राहत मिली। इधर, रात का तापमान भी सामान्य से 1 डिग्री ज्यादा चल रहा है। रात का तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।
मई के पहले सप्ताह में हुई बारिश ने गर्मी के तेवर कमजोर कर दिए थे लेकिन अब वापस गर्मी अपने रंग में आने लगी है। सोमवार दिनभर गर्म लपटें चलती रही, जिससे लोग हलाकान हो गए। दोपहर 11.30 बजे ही दिन का तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया था। दोपहर 3 बजे बाद बादलों की आंखमिचौनी के बीच अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री पहुंचा। मौसम वैज्ञानिकों ने इस हफ्ते इंदौर में दिन का तापमान 43 डिग्री से ज्यादा पहुंचने की संभावना जताई है।

हवा की दिशा पश्चिमी, ये लाई गर्म हवाएं

इसके अलावा हवा की दिशा भी पश्चिमी थी, जो अपने साथ गर्म हवा लेकर आई। इससे पहले 17 अप्रैल को अधिकतम तापमान सामान्य से 1 डिग्री ज्यादा होकर 39.6 डिग्री रिकॉर्ड हुआ था। इसके बाद सीधे 7 मई को तापमान ने इतनी लंबी छलांग लगाई थी। बीते 10 सालों में इंदौर कभी तपिश के मामले में नंबर 1 पर नहीं रहा है। खंडवा, खरगोन या होशंगाबाद जरूर इस मामले में देश में चर्चा में आते रहे हैं। चौंकाने वाली बात यह भी है कि मई के शुरुआती सात दिन ठंडे बीते थे। सुबह के समय हवा में काफी ठंडापन रहा। तापमान सामान्य 10 डिग्री तक कम रहा। इसके बाद एकदम से पारा इतना उछला है।