April 23, 2024

खरगोन। मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में मंगलवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। बोराड़ नदी के पुल से बस अनियंत्रित होकर नीचे गिर गई। इस हादसे में 10 लोगों के मौत की सूचना है। जबकि, कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस-प्रशासन के अधिकारी और ग्रामीणों ने बचाव कार्य शुरू किया। आईजी ग्रामीण राकेश गुप्ता द्वारा घटना की पुष्टि की गई।

50 फीट ऊंचे पुल से नीचे गिरी बस….

जानकारी के मुताबिक, हादसा खरगोन ठीकरी रोड पर ग्राम दसंगा में हुआ है। जहाँ बोराड्ड नदी के 50 फीट ऊंचे पुल से मां शारदा ट्रेवल्स की बस अनियंत्रित होकर नीचे जा गिरी है। बताया जा रहा है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। बोराड़ नदी सूखी है, इसके कारण बस में सवार लोग चोटिल हो गए। बस में करीब 40 यात्री सवार थे।

सीएम शिवराज ने जताया दुख…..

खरगोन में हुई बस दुर्घटना में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शोक व्यक्त करते हुए ऐलान किया कि मृतकों के परिवारजनों को 4 लाख रुपए की सहायता राशि, गंभीर रूप से घायलों को 50 हजार, कम एवं साधारण घायलों को 25 हजार की सहायता राशि मिलेगी। दुर्घटना में घायलों का सरकार मुफ्त इलाज कराएगी।