April 19, 2024

2013 में महज पांच आम उत्पादकों से शुरू हुआ मैंगो जत्रा का सिलसिला आज विशाल रूप ले चुका है।
दैनिक अवन्तिका  इंदौर
एक बार फिर इंदौर के लोगों को हापुस का मजा लेने का मौका मिलेगा, एक बार फिर देवगढ़ और रत्नागिरी के आम की महक यहां की फिजा में फैलेगी और एक बार फिर स्वाद के शौकीनों को मराठी व्यंजनों का लुत्फ लेने का मौका मिलेगा। इंदौरियों को जिस उत्सव का वर्षभर इंतजार रहता है वह मैंगो जत्रा शहर में इस बार 19 मई से शुरू होने जा रहा है। हापुस आम के जायके को लिए यह आयोजन तीन दिनों के लिए लगेगा जिसमें इंदौरी केवल आम का स्वाद ही नहीं ले सकेंगे बल्कि आम से बने व्यंजनों का लुत्फ भी ले पाएंगे।
मराठी सोशल ग्रुप द्वारा शहर में तीन दिनी मैंगो जत्रा 19 मई से आयोजित की जा रही है। ढक्कनवाला कुआं स्थित ग्रामीण हाट बाजार में लगने वाले इस मेले में महाराष्ट्र के रत्नागिरी और देवगढ़ के आम उत्पादक हापुस आम और हापुस आम से बने उत्पाद लेकर आएंगे। इन उत्पाद में आम पापड़, आम का पल्प, आम का शरबत, आम की मिठाई, आम का मावा, आम का अचार, अमचूर, कोकम शरबत आदि शामिल होंगे। ये वे उत्पाद होंगे जो हापुस आम से तैयार हुए हैं। संस्था के सुधीर दांडेकर और राजेश शाह ने बताया कि 2013 में महज पांच आम उत्पादकों से शुरू हुआ मैंगो जत्रा का सिलसिला आज विशाल रूप ले चुका है। इस बार मैंगो जत्रा में 24 से अधिक आम उत्पादक भाग लेंगे। इसमें वे हापुस के विभिन्न प्रकार लेकर आएंगे। इस जत्रा में इस बार आम के साथ मराठी व्यंजनों का मजा भी इंदौर के लोग ले सकेंगे इसमें मराठी व्यंजन झुणका भाकर, ठेचा, अप्पे, श्रीखंड-पूरी, मैंगो मस्तानी, अनारसे आदि परोसे जाएंगे। इसके अलावा यहां चाट चौपाटी भी लगाई जाएगी। इसमें तरह-तरह के इंदौरी व्यंजन भी शामिल होंगे। मैंगो जत्रा का आनंद लोग सुबह 9 बजे से रात्रि 10 तक ले सकेंगे।