March 28, 2024

खाना खाने के बाद पैसों को लेकर विवाद,  2 युवकों पर कुल्हाड़ी और डंडे से हमला, एक की मौके पर मौत दूसरा गंभीर घायल..

उज्जैन। बीती रात 12:30 बजे लगभग ढाबे पर खाना खाने के बाद पैसों को लेकर हुए विवाद में ढाबा संचालक ने अपने साथियों के साथ मिलकर 2 युवकों पर कुल्हाड़ी और डंडे से हमला कर दिया। एक की मौके पर मौत हो गई। दूसरा गंभीर घायल है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर चार हमलावरों की तलाश शुरु की है।

इंगोरिया थाना पुलिस ने बताया कि ग्राम पलसोड़ा में रहने वाला भरत बरगुंडा अपने साथी विजयपाल राजपूत निवासी मौलाखेड़ी के साथ टायगर ढाबे पर खाना खाने गया था। ढाबे पर पैसों को लेकर ढाबा संचालक राकेश सूर्यवंशी से उनका विवाद हो गया। झगड़े के बाद दोनों वहां से निकल गये और मकड़ावन फंटे तक आ गये। ढाबा संचालक अपने भाई भोला और 2 साथी जितेन्द्र, अरुण के साथ पीछा करते हुए फंटे तक पहुंचे और दोनों पर लाठी-धारदार हथियार से हमला कर दिया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां भरत बरगुंडा की मौत हो गई। विजय पाल की हालत गंभीर होने पर उसे उज्जैन रैफर किया गया।

इंगोरिया टीआई अमित सोलंकी ने बताया कि घायल के बयान दर्ज कर चारों हमलावरों के खिलाफ हत्या और प्राणघातक हमले का प्रकरण दर्ज किया गया है।