April 16, 2024

पुरुषों के साथ महिलाओं ने भी दिखाया उत्साह…..बारिश भी भक्तों का हौसला कम नहीं कर पाई…..

आगर-मालवा।  नलखेड़ा नगर में मां बगलामुखी का प्राकटॺ उत्सव शुक्रवार को गौरव दिवस के रूप में मना। इस अवसर पर नगर में विशाल चल समारोह निकाला गया। हजारों लोगों ने शामिल होकर पुण्य लाभ लिया।

समारोह शुरू होने के पूर्व मां बगलामुखी माता की पूजा अर्चना विधायक राणा विक्रमसिंह, नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि विजय सोनी, मां बगलामुखी के पुजारी मनोहर पंडा ने की। इसके बाद गाजे-बाजे, ढोल-ढमाके एवं ताशा पार्टी के साथ समारोह शाम 4 बजे किले के पास स्थित सांवरियानाथ मंदिर से शुरू हुआ और नगर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ मां बगलामुखी मंदिर पहुंचा। एक रथ पर मां बगलामुखी के प्रतीक स्वरूप प्रतिमा विराजित की गई थी वही एक झांकी के रूप में सजे वाहन पर मां की तस्वीर रखी थी। इसकी कई स्थानों पर महिलाओं ने पूजा गई। समारोह में युवा ढोल की थाप पर थिरक रहे थे। अन्य लोग मां की जय-जयकार लगाते चल रहे थे। समारोह में बाहर से आए कलाकार मां काली, मां बगलामुखी एवं नवदुर्गा का रूप धरे चल रहे थे। समारोह के मंदिर पहुंचने पर मां की शाम 7.30 बजे महाआरती की गई।

कई स्थानों पर स्वागत…

समारोह का सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों ने कई स्थानों पर लोगों को शीतल पेय पदार्थ पिलाकर स्वागत किया गया। समारोह में भगोरिया नृत्य किया आकर्षण का केंद्र रहा।

बैंड दे रहा था भजनों की प्रस्तुति-नगर का राजकमल बैंड माताजी पर आधारित भजनों की सुंदर प्रस्तुति दे रहा था। डीजे की धुन पर युवा थिरक रहे थे।…

मां की दोपहर 12 बजे हुई महाआरती-मंदिर पर दोपहर 12 बजे मंदिर के मुख्य पुजारी गोपालदास पंडा ने महाआरती की की। साथ ही नगर की पीतांबरा सेवा समिति ने मां को 56 भोग लगाकर महाआरती की। इसके बाद भंडारा हुआ। इसमें हजारों लोगों ने प्रसादी ग्रहण की।

ये लोग हुए समारोह में शामिल-समारोह में विधायक राणा विक्रमसिंह, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य दिलीप सकलेचा, भाजपा जिलाध्यक्ष चिंतामण राठौर, लाला बलरामसिंह, भाजपा जिला मंत्री मुकेश लोढा, नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि विजय सोनी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुंदरलाल यादव, भाजपा मंडल अध्यक्ष पवन वेदिया, कृष्णपालसिंह परिहार बापू, देव सेना के जिलाध्यक्ष हिंदूसिंह चांदना, भारत सिंह, जिला पंचायत उपाध्यक्ष प्रतिनिधि सुरेश पाटीदार, भेरूसिंह यादव मौजूद थे।

भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था…

चल समारोह के गणेश दरवाजा चौराहा स्थित पहुंचने पर इंद्र देवता ने भी मां का जलाअभिषेक किया। बारिश का क्रम इतना तेज था कि देखते ही देखते पानी सड़कों पर बहने लगा। उसके बाद भी चल समारोह में शामिल भक्तों का उत्साह कम नहीं हुआ।

मां का आकर्षक शृंगार कर की मंदिर की सजावट…

प्रात:काल मां बगलामुखी का अभिषेक पूजन कर चोला चढ़ाकर आकर्षक शृंगार किया गया। मां बगलामुखी मंदिर को भी फूलों से सजाया गया। समारोह में बग्घी पर सांदीपेंद्र आश्रम के संत स्वामी सांदीपेंद्र, बल्ड़ावदा हनुमान मंदिर के संत स्वामी रामचंद्रदास महाराज, शिव टेकरी के संत स्वामी हरिहरानंद, बाल मुरारी बापू गुप्तेश्वर महादेव मंदिर के संत सवार थे। मंदिर के मुख्य पुजारी गोपालदास पंडा भक्तों के साथ पैदल ही चल रहे थे।

रिपोर्ट-अर्पित हरदेनिया