April 25, 2024

उज्जैन। दमदमा क्षेत्र में गुरुवार रात गोली चलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके से एक खाली कारतूस जब्त किया है। वहीं पुलिस ने इस मामले में एक बदमाश के खिलाफ पत्थरबाजी का मुकदमा दर्ज किया है।
बताया जा रहा है कि बीती रात शहर में तेज आंधी तूफान चलने के कारण क्षेत्रों की बिजली घंटों गुल रही। बदमाशों ने इसी का फायदा उठाते हुए गोलीबारी जैसी घटना को अंजाम दिया। दरअसल, शहर के कुख्यात बदमाश छेनू उर्फ बाबू डबल का दमदमा में रहने वाले गोलू नामक युवक से जमीन को लेकर विवाद चला आ रहा है। जिसके चलते दोनों पक्ष कई बार आमने-सामने हो चुके हैं। इसी के चलते छेनू अपने साथियों के साथ मिलकर दमदमा पहुंचा और गोलू के घर के दरवाजे पर फायर करते हुए भाग निकला। इसके बाद गोलू के परिजनों ने माधव नगर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मौका स्थल से एक खाली कारतूस जब्त किया है। इधर पुलिस गोली चलने की घटना से इंकार कर रही है। एडिशनल एसपी आकाश भूरिया ने बताया कि रात को दमदमा क्षेत्र में आपसी विवाद में पत्थरबाजी की घटना हुई थी, जिसकी जांच की जा रही है। जबकि, गोलू की मां गोली चलने की बात कह रही है।