April 24, 2024

अटल सिटी बस ट्रांसपोर्ट कंपनी द्वारा अयोध्या, वाराणसी सहित अन्य शहरों में बसों का संचालन किया जाएगा
दैनिक अवन्तिका इंदौर
महाकाल लोक की तर्ज पर इंदौर के राजबाड़ा क्षेत्र में अहिल्या लोक विकसित किया जाएगा। मां अहिल्या के व्यक्तित्व और कृतित्व पर आधारित अहिल्या लोक में आकर्षक फव्वारे, लेजर लाइट एंड साउंड शो आदि भी रहेंगे। अमृत मिशन 2 के तहत नर्मदा के चौथे चरण के लिए इस वर्ष 1500 करोड़ रुपये का प्रविधान किया गया है। यह भविष्य के इंदौर के लिए बड़ी सौगात है। यह चरण वर्ष 2050 के इंदौर के लिए 900 एमएलडी पानी की आवश्यकता को पूरा करेगा। नागरिकों को राहत देते हुए इस वर्ष कोई नया कर नहीं लगाया गया है। इस वर्ष बजट में विकास के 6 सूत्र सोलर सिटी, डिजीटल सिटी, क्लीन सिटी, योग सिटी, ग्रीन सिटी और सर्वश्रेष्ठ यातायात प्रबंधन सिटी को कार्य का आधार बनाया है।
यह बात महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने गुरुवार को इंदौर नगर निगम का बजट पेश करते हुए कही। वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए प्रस्तुत बजट में 7473 करोड़ रुपये की प्रस्तावित आय और 7341 करोड़ रुपये का व्यय बताया गया है। रक्षित निधि सम्मिलित करते हुए यह बजट 88 करोड़ के घाटे का है।
बजट पेश करते हुए महापौर ने बताया कि शहर के 150 चौराहों को फ्री वाईफाई जोन बनाया जाएगा। इंदौर को डिजिटल सिटी के रूप में विकसित करने के लिए 60 करोड़ खर्च किए जाएंगे। नगर निगम का खुद का डेटा सेंटर भी बनाया जाएगा। अटल सिटी बस सेवा का विस्तार करते हुए इस वित्तीय वर्ष में अयोध्या, वाराणसी, प्रयागराज, दिल्ली सहित अन्य शहरों तक इस यात्री बस सेवा को शुरू किया जाएगा। नगर निगम में अब 19 के बजाय 22 जोन होंगे।
गुरुवार को पेश बजट पेपर लेस था। पार्षदों को पैन ड्राइव में बजट की डिटेल दे दी गई थी। दो पार्षदों के बीच एक लेपटाप रखा गया था। पार्षद इस पर पैन ड्राइव लगाकर बजट देख सकते थे। प्रदेश में पहली बार किसी नगर निगम में इस तरह से पेपर लेस बजट प्रस्तुत हुआ है। बजट पर बहस शुक्रवार को होगी।
महापौर पुष्यमित्र भार्गव नगर पालिक निगम का अपना पहला बजट पेश किया। घर ने निकलने से पहले महापौर की मां ने उन्हें दही-शक्कर खिलाया, तो पिता ने आशीर्वाद दिया। पत्नी जूही भार्गव ने तिलक लगा कर उनकी आरती उतारी।
महापौर सुबह 9.30 बजे ही अपने निवास से निकल गए। सबसे पहले उन्होंने राजबाड़ा जाकर मां अहिल्या की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद अपना पहला बजट पेश करने के लिए स्कीम 78 स्थित ब्रिलियंट कंवेंशन सेंटर पहुंचे। इस बार निगम का बजट पेपर लेस रहा। कागज पर छपी बजट की प्रति पार्षदों को उपलब्ध कराने के बजाय उन्हें पैन ड्राइव में बजट उपलब्ध करवाया गया। सुबह महापौर पुष्यमित्र भार्गव संपूर्ण एमआईसी के साथ राजवाड़ा से सिटी बस में रवाना हुए ।

दो पार्षदों के बीच एक लैपटाप
पार्षद पैन ड्राइव में दिए गए बजट को देख सकें इसके लिए दो पार्षदों के बीच एक लेपटाप रखा गया। पार्षद इस पर आसानी से बजट देख पाए। इसके अलावा एक एलईडी स्क्रीन भी लगाई गई।
शुक्रवार को पार्षद रखेंगे बात
शुक्रवार को बजट प्रस्तावों पर बहस होना है। पार्षद अपनी-अपनी बात बहस के माध्यम से रखेंगे। परिषद के अनुमोदन के बाद बजट पर अंतिम मुहर लग जाएगी।
आमजन पर नहीं पड़ेगा फर्क
इस वर्ष बजट में कोई नया कर नहीं लगाया गया है। यही वजह है कि इस बजट का आम आदमी के बजट पर कोई खास फर्क नहीं पड़ेगा।